अंबाला शहर, 5 नवंबर (हप्र)
हूडा ने मंगलवार शाम नगर निगम अंबाला के बिल्डिंग इंस्पेक्टर से मानव चौक पर निर्मित 4 दुकानों को सील करवा दिया। चर्चा है कि विवादित जमीन हूडा की है और इसका बाजारी मूल्य करोड़ों रुपये है। आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत से भूमाफिया ने इस जमीन को एक निजी कालोनी की जमीन बताकर बाकायदा यह निर्माण किया है। शहर के मानव चौक के पास स्थित इस विवादित जमीन पर चुनावों के दिनों में यह सारा खेल खेला गया और बिना नगर निगम अथवा हूडा से नक्शा पास करवाए शोरूमों का निर्माण करवाकर उसे सेल पर लगा दिया गया। मामला संपदा अधिकारी के संज्ञान में आया तो उन्होंने जांच करवाने की बात कही। इसी बीच मामले के तूल पकड़ने के बाद करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जा होने की संभावनाओं को देखते हुए मंगलवार को हूडा प्रशासक की ओर से नगर निगम के भवन निरीक्षक भीम सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशानुसार भीम सिंह ने विवादित इन चारों दुकानों को सील कर दिया। उन्होंने दुकानों के मालिक को उक्त दुकानों को बनाने संबंधी कागजातों को लेकर नगर निगम अंबाला कार्यालय मे बुलाया है। जब तक संबंधित कथित भू स्वामी इन विवादित दुकानों के संबंध में अपनी मलकियत के कागजात नगर निगम कार्यालय में पेश नहीं करते तब तक दुकानें सील रहेंगी।

The post हूडा ने नगर निगम से सील करवाईं 4 दुकानें appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2rfj44B
via Latest News in Hindi

0 Comments