फल एवं खाद्य प्रसंस्करण में अपार संभावनाएं : जयराम
धर्मशाला में शुक्रवार को इन्वेस्टर्स मीट के दौरान एक बैठक में यूएई के प्रतिनिधियों के साथ मौजूद हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। -निस
धर्मशाला 8 नवंबर (निस)
राइजिंग हिमाचल ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के दूसरे दिन निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आप सब ऐसे हालात व परिस्थितियों में हमारे बीच होंगे, जिसकी हमने भी कल्पना नहीं की थी। सोचा नहीं था कि मौसम ऐसे दौर में से हमें एक नया अनुभव देगा। यह दौर भी याद रहेगा। मौसम अपनी जगह और आप अपनी जगह डटे हुए हैं। इसके लिए आप सबका स्वागत करता हूं। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने के लिए ‘हॉलिस्टिक दृष्टिकोण’ अपनाते हुए कार्य आरंभ किया है। यह प्रदेश फल उत्पादन में अपार संभावनाअों से युक्त है। यहां विभिन्न प्रकार के फलों का उत्पादन किया जाता है। फल एवं खाद्य प्रसंस्करण में निवेश के लिए राज्य में अपार संभावनाएं हैं। वहीं प्रदेश की जलवायु और विविधतापूर्ण स्थलाकृति प्रदेश को विभिन्न औषधीय पौधों के उत्पादन के लिए उपयुक्त बनाती है। राज्य सरकार सभी उद्यमियों, जो प्रदेश में निवेश करने की इच्छा रखते हैं, के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
औषधीय हब के रूप में भी पहचान
सीएम ने पर्यटन, आरोग्य और आयुष के समझौता ज्ञापन धारकों के साथ भी बैठक की और कहा कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में उद्यमियों को साहसिक, वन्य प्राणी, ईको टूरिज्म, धरोहर, अध्यात्मिक, स्मारक, धार्मिक, स्कीइंग आदि गतिविधियों में निवेश की व्यापक संभावनाएं विद्यमान हैं। यहां पर 300 फार्मा कम्पनियां और 700 से अधिक फार्मा उत्पाद इकाइयां कार्यरत है। इस प्रदेश को एशिया के औषधीय हब के रूप से भी जाना जाता है।
धर्मशाला में इनवेस्टर्स मीट के समापन के मौके पर शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल को कांगड़ा पेंटिंग भेंट करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। -कमलजीत
93 हज़ार करोड़ के एमओयू साइन होना बड़ी बात : गोयल
केंद्रीय रेल एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राईजिंग हिमाचल इन्वेस्टर मीट राज्य में बड़े निवेश के रास्ते में पहला पड़ाव है। आने वाले समय में हिमाचल में और भी बड़े निवेशकों के आने से प्रदेश देश भर में प्रगितशील राज्यों में से एक होगा। धर्मशाला में इन्वेस्टर मीट के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए गोयल ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि धर्मशाला में पहली बार हुई यह मीट पूरी तरह से सफल रही है। 85 हजार करोड़ के लक्ष्य से कहीं अधिक करीब 93 हजार करोड़ के एमओयू साइन होना बड़ी बात है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से हिमाचल में जहां रोजगार के द्वार खुलेंगे वहीं राज्य आर्थिक रूप से भी मजबूत बनेगा। बता दें कि धर्मशाला में इस इन्वेस्टर मीट के समापन समारोह में शुक्रवार को बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित करना था लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वे नहीं पहुंचे। गोयल ने निवेशकों को हिमाचल आने का न्यौता देते हुए कहा कि हिमाचल के पास सुंदर पर्वत स्थल हैं। हिमाचल हमेशा अपने सौंदर्य और प्रकृति के चलते पूरे विश्व भर के पयर्टकों को आकर्षित करता है। पर्यटन के अलावा हिमाचल अब उद्योग जगत में भी अपने आप को स्थापित कर रहा है तथा निवेशक यहां पर रुचि दिखा रहे हैं । गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार देश के विकास और निवेशकों को लुभाने के लिए 10 सिद्धातों पर काम कर रही है। उसी तर्ज पर प्रदेश सरकारें भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 70 प्रतिशत जीडीपी में उद्योग और सरकारी क्षेत्र का योगदान है।
The post फल एवं खाद्य प्रसंस्करण में अपार संभावनाएं : जयराम appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33zgeWk
via Latest News in Hindi
0 Comments