डेरा बाबा नानक में शनिवार को करतारपुर गलियारे के यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंगर ग्रहण करते हुए। -प्रेट्र/ट्रिन्यू

गुरदासपुर, 9 नवंबर (निस)
करतारपुर काॅरिडोर खुलने से नानक नाम लेवा संगत की करीब 70 साल की अरदास पूरी हो गई। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी चाहत पूरी की है।
कैप्टन अमरेन्द्र सिंह जहां धर्म के साथ लोगों को जोड़ते दिखे वहीं पाकिस्तान के प्रति उनका रवैया बेहद तल्ख रहा। उन्होंने कहा कि वाहेगुरु से अरदास है कि उन्हें जल्द ही अन्य गुरुद्वारों में भी अरदास करने तथा माथा टेकने के सौभाग्य प्राप्त हो।
अपने संबोधन मेें कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि 1947 में कुदरती तौर पर हालात बन गए थे जिसके चलते हमारे उच्च धार्मिक स्थान पाकिस्तान चले गए। उन्होंने वह एक बार पंजा साहिब गए तथा दो बार ननकाना साहिब जाने का मौका मिला परन्तु पहली बार करतारपुर साहिब जा रहे हैं जो धार्मिक इतिहास में बड़ी जगह रखता है। पूरा पंजाब, पूरा सिख जगत धन्यवादी है। इससे मुल्कों की आपसी नजदीकियां बढ़ती हैं।

प्रधानमंत्री सुल्तानपुर लोधी भी गये और बेर साहिब गुरुद्वारा में माथा टेका। -प्रेट्र/ट्रिन्यू

पाकिस्तान का नाम लिए बिना कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि वह आशा करते हैं कि पड़ोसी देश में अन्य गुरुद्वारे भी दर्शन करने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि अब जमाना बदल गया है। प्यार की आवाज उठी है तथा वह आशा करते हैं कि वह भी समझे कि यह हमारा मुल्क है जो बैर नहीं प्यार चाहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर तो वाहेगुरु की कृपा हुई है, हम तरक्की कर रहे हैं परन्तु दूसरी तरफ सारा डूबा पड़ा है। पंजाब में ऐसी कोई जगह नहीं जहां लिंक रोड, बिजली नहीं परन्तु वहां न तो लिंक रोड है और न बिजली-पानी। वे अपने लोगों को क्या देंगे, लड़ाई झगड़े से क्या हासिल होगा।
कैप्टन ने कहा कि पड़ोसी मुल्क पंजाब में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। कैप्टन ने तीखे लहजे में कहा कि उन्होंने कई बार कहा है कि वह ऐसा काम न करे। पंजाबी हाथ पर हाथ धर कर यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। न तो कश्मीर में आपकी कोई बात बननी है और न पंजाब में। कैप्टन ने कहा कि पंजाबियों ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। अब जमाना शांति और प्यार का है।
लोगों को फिर मायूस कर गये मोदी
करतारपुर काॅरिडोर खुलने से आज जहां एक तरफ लोगों में अपार खुशी थी वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से एकबार फिर पंजाब तथा जिले के विकास, रोजगार के लिए कोई सौगात न दिए जाने के चलते उनमें मायूसी भी दिखी। एसजीपीसी के मंच पर अकाली-भाजपा नेताओं में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह बेशक अकेले पड़ गये परन्तु पाकिस्तान पर अपने तीखे शब्दों के बाण से अमरेन्द्र सिंह लोगों का दिल जीतने में सफल रहे। गुरदासपुर के सांसद सनी देओल भी प्रधानमंत्री से जिले के लिए कोई प्रोजेक्ट घोषित करवाने में असफल रहे। गौर रहे कि प्रधानमंत्री की गुरदासपुर जिले में यह दूसरी फेरी थी। ​इसी साल 3 जनवरी को गुरदासपुर में भाजपा की ओर से आयोजित धन्यवाद रैली से भी लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं परन्तु उस वक्त भी गुरदासपुर के विकास के लिए मोदी कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं देकर गए थे।

The post पूरी हुई 70 साल की अरदास appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Q2CCnh
via Latest News in Hindi

0 Comments