किराये पर टैक्सी लेकर करते थे लूटपाट, गिरोह के 2 सदस्य काबू
रोहतक, 10 नवंबर (निस)
क्राइम ब्रांच ने टैक्सी किराये पर लेकर सुनसान जगह पर चालक के साथ मारपीट करके या चालक को अन्य काम में व्यस्त करके टैक्सी लेकर फरार होने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को काबू किया है। आरोपियों से पूछताछ में 5 अापराधिक वारदातों का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों से अलग-अलग वारदातों में लूटी हुई तीन कार व एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अपराध शाखा-2 के प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुलताना रोड सांपला बाईपास पर एक युवक लूटी हुई कार सहित संदिग्ध हालात में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर कार सवार युवक को काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी अमित उर्फ सीटू के रूप में हुई है। जांच में पाया गया कि उक्त कार लूटी हुई है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई। आरोपी अमित से सूचना प्राप्त कर तुरंत छापेमारी करते हुए आरोपी के साथ गांव जोशी जिला पानीपत निवासी गोल्डी को पानीपत से गिरफ्तार किया गया। आरोपी गोल्डी से गुरुग्राम से लूटी हुई एक और कार बरामद हुई है। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर लूटी हुई एक अन्य कार लावारिस हालत में बरामद हुई है। जिसे आरोपी एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त होने पर मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अमित व गोल्डी गुरुग्राम में टैक्सी चलाते थे। टैक्सी चलाने के दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई तथा दोस्ती हो गई।
अमीर बनने के लिए चुना अपराध
आरोपियों ने अमीर बनने के लिए अपराध का रास्ता चुना। आरोपी रेलवे स्टेशन से टैक्सी किराये पर लेते थे तथा रास्ते में सुनसान जगह पर टैक्सी चालक से मारपीट करके या अन्य किसी काम में चालक को व्यस्त करके टैक्सी लेकर फरार हो जाते। आरोपियों ने टैक्सी छीनने की 4 वारदातों का अंजाम दे रखा है, जिसमें से दो टैक्सी दिल्ली रेलवे स्टेशन तथा दो टैक्सी गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से बुक की हैं। इसके अलावा आरोपी अमित जिस टैक्सी पर चालक की नौकरी करता था, उस कार को लेकर भी आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
The post किराये पर टैक्सी लेकर करते थे लूटपाट, गिरोह के 2 सदस्य काबू appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Qc0PHX
via Latest News in Hindi
0 Comments