आज जारी होगी अधिसूचना, 4 तक नामांकन
चंडीगढ़, 26 सितंबर (ट्रिन्यू)
हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। चुनाव का अधिसूचना शुक्रवार को जारी होगा और इसके साथ ही नामांकन-पत्र दाखिल करवाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। फिलहाल श्राद्ध चल रहे हैं और 29 सितंबर से नवरात्रों की शुरुआत होगी। ऐसे में संभावना है कि अधिकांश राजनीतिक दलों के उम्मीदवार नवरात्रों में ही अपने परचे दाखिल करेंगे।
प्रमुख राजनीतिक दलों – भाजपा व कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप नहीं दिया है। संभवत: भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची 29 सितंबर को जारी कर सकती है वहीं कांग्रेस की पहली सूची 30 सितंबर को आने के आसार हैं। जननायक जनता पार्टी अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है और दूसरी सूची 29 को आ सकती है। वहीं इनेलो भी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
इस बीच, राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। 4 अक्तूबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन फार्म जमा करवा सकेंगे। 5 अक्तूबर को नामांकन-पत्रों की जांच और छंटनी का काम होगा और 7 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। राज्य के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ़ इंद्रजीत ने बताया कि नामांकन स्वयं उम्मीदवार द्वारा या एक प्रस्तावक द्वारा भी दाखिल किया जा सकता है।
नामांकन-पत्रों की सुपुर्दगी और स्वीकृति की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने के समय कुछ उम्मीदवारों के साथ बड़ी संख्या में वाहन और लोग आते हैं। इसके परिणामस्वरूप रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है। आयोग ने तय किया है कि उम्मीदवार के काफिले में आने वाले वाहनों में से केवल तीन को ही रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय की 100 मीटर की परिधि में आने की मंजूरी मिलेगी। वहीं उम्मीदवार के अलावा केवल चार अन्य लोग ही कार्यालय में प्रवेश कर सकेंगे।
सुबह 11 से सायं 3 बजे तक जमा होंगे
केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए शैड्यूल के अनुसार 21 को 90 सीटों के लिए मतदान होगा और 24 को नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि नामांकन-पत्र या तो रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष या सार्वजनिक नोटिस में निर्दिष्ट सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक जमा करवाए जा सकेंगे।
The post आज जारी होगी अधिसूचना, 4 तक नामांकन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2n1dK2Q
via Latest News in Hindi
0 Comments