सुरेंद्र मेहता/हप्र
यमुनानगर, 18 अगस्त
पहाड़ों पर भारी बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। यमुना का जलस्तर रविवार शाम 6 बजे तक 8 लाख 28 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया। यमुना का पानी जैसे ही मैदानी इलाकों में पहुंचा यमुनानगर के साथ-साथ करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद एवं दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा। सुबह 6 बजे यमुना का जलस्तर 90 हजार क्यूसेक था। 7 बजे 155275 क्यूसेक, 8 बजे 257947 क्यूसेक, 9 बजे यह 3 25427 क्यूसेक और 10 बजे यह 430817 क्यूसेक पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने यमुना के साथ लगते इलाकों में मुनादी करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। जिला प्रशासन के अधिकारी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। बाढ़ का पानी 72 घंटे में दिल्ली पहुंचता है, इसलिए दिल्ली सरकार को इसकी सूचना भेज दी गई है। यह पानी दिल्ली पहुंचेगा तो कई इलाकों को प्रभावित करेगा। यमुना के पानी से कई इलाकों में हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई।
सोम व पथराला नदियां भी उफान पर हैं। इससे कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। इन नदियों का पानी सड़कों पर आने से यातायात अवरुद्ध हो गया है। बिलासपुर के कई गांवों में सड़कों पर एक से 2 फुट पानी भरा है।

The post यमुना उफान पर, हरियाणा-दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/30dQuxj
via Latest News in Hindi

0 Comments