दिल्ली या शिमला में हो सकता है पीएम का प्रोग्राम
नयी दिल्ली, 1 जून (एजेंसी)
केंद्र सरकार ने 21 जून को 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम के लिए दिल्ली समेत 5 शहरों का चयन किया है। 4 अन्य शहरों में शिमला, मैसूर, अहमदाबाद और रांची शामिल हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के शुरू होने के बाद सरकार का पहला बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री शिरकत करेंगे। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को विश्वव्यापी स्तर पर योग दिवस के रूप में मनाने की मान्यता मिलने के बाद 2015 से आयुष मंत्रालय इस दिन योग महोत्सव का आयोजन करता है। किसी एक शहर में मुख्य आयोजन होता है, जिसमें प्रधानमंत्री शिरकत करते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने मुख्य आयोजन के लिये 6 शहरों पर विचार करने के बाद 5 शहरों के नाम प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भेजे हैं। पीएमओ द्वारा मुख्य कार्यक्रम के आयोजन स्थल के लिये शहर के नाम पर मंजूरी मिलने का मंत्रालय को इंतजार है। आयूष मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘हमने पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं और कार्यक्रम बड़े पैमाने पर होगा।’
सूत्रों के अनुसार 17वीं लोकसभा के गठन के बाद संसद के पहले सत्र की 17 जून से शुरुआत के कारण प्रधानमंत्री की व्यस्तता को देखते हुये योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में ही होने की संभावना है। यदि राष्ट्रीय राजधानी को इसके लिये चुना जाता है, तो दिल्ली में इसका दूसरी बार आयोजन होगा।
The post दिल्ली या शिमला में हो सकता है पीएम का प्रोग्राम appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2KiShvL
via Latest News in Hindi
0 Comments