30 सितंबर तक पूरा होगा करतारपुर कोरिडोर
चंडीगढ़/गुरदासपुर, 1 जून (भाषा/निस)
पंजाब के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री विजय इंदर सिंगला ने शनिवार को कहा कि भारतीय सीमा की ओर करतारपुर गलियारे का निर्माण 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। यह गलियारा भारत में पंजाब राज्य के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे को पाकिस्तान के करतारपुर में स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ेगा। सिंगला ने कहा कि गलियारे का निर्माण 30 सितंबर तक पूरा हो जाएगा जो सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व (जन्मदिन) के पहले ही होगा। शनिवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री विजय इंदर सिंगला विशेष तौर पर ऐतिहासिक व धार्मिक कस्बे डेरा बाबा नानक में पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद रहे। सिंगला ने पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दूरबीन से दर्शन भी किए। यहां चल रहे विकास कार्याें का जायजा लेने के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि गलियारे का निर्माण अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे की तरह किया जाएगा।
परियोजना पर 116 करोड़ रुपये का खर्च
सिंगला ने बताया कि भारतीय सीमा की ओर गलियारे की लंबाई 4.2 किलोमीटर होगी। सिंगला ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए विश्व स्तरीय कोरिडोर बनाया जाएगा। मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बटाला, फतेहगढ़ चूडियां और रामदास से डेरा बाबा नानक जाने वाली सड़कों को उन्नत बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर 116 करोड़ रुपये का खर्च आएगा जिसके लिए 62 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पहले ही कर लिया गया है।
The post 30 सितंबर तक पूरा होगा करतारपुर कोरिडोर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2ELZ91e
via Latest News in Hindi

0 Comments