फतेहाबाद में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के नेताओं के साथ। -निस

फतेहाबाद, 2 जून (निस)
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने रविवार को कहा कि प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों में से 9 पर कांग्रेस की भाजपा से सीधी लड़ाई रही और इसी सीधी लड़ाई में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही। वे यहां कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। तंवर ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आम चुनाव के परिणामों से हताश न हों और विस चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
तंवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को नहीं रोक सकते क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस परिश्रम से आमजन तक अपनी पहुंच बनाई है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस का वोटबैंक पहले की अपेक्षा काफी बढ़ा है। तंवर ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को प्रचारित करते हुए जन-जन तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि आम चुनाव में बेशक भाजपा ने राष्ट्रवाद व कुछ अन्य मुद्दे उठाकर देशवासियों को गुमराह किया, लेकिन विधानसभा के चुनावी मुद्दे दूसरे होंगे और उन्हें भरोसा है कि कांग्रेस जनता के आशीर्वाद से सत्तासीन होगी। इस मौके पूर्व विधायक दुड़ाराम, कुलबीर बेनीवाल, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, देवेन्द्र सिंह बबली, कृष्णा पूनिया, सुभाष बिश्नोई मौजूद रहे।
वर्कर दें सुझाव
सिरसा (निस): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने अपने आवास पर बातचीत में कहा कि आम चुनाव में हार पर समीक्षात्मक मंथन के लिए 3 जून को जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक होगी। इस बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए जाएंगे और बेहतरीन सुझाव को विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के एजेंडे में शामिल किया जाएगा।

The post 10 में से 9 सीटों पर भाजपा कांग्रेस में रही सीधी लड़ाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2WCryRv
via Latest News in Hindi

0 Comments