बेटे को बंधक बना कारोबारी को रॉड से पीटा
तिगांव, 25 मई (निस)
ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-86 में कारों की डेंटिंग-पेंटिंग के कारोबारी प्रदीप धनखड़ को 15-20 बदमाशों ने उसके ही पांच साल के बेटे के सामने लोहे की रॉडों से हमला कर अधमरा कर डाला। बदमाशों ने बच्चे को बंधक बना लिया था, जिससे कारोबारी भाग न पाए। बदमाशों ने रिपेयरिंग के लिए खड़ी कई कारें भी तोड़ डालीं। कार्यालय में तोड़फोड़ करने के बाद दराज में रखे 32 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग गए। एसजीएम नगर पी.ब्लॉक निवासी प्रदीप का सेक्टर-8 स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में रखा है। वह अभी होश में नहीं है। उसके हाथ व पैरों में 8 से 10 फ्रैक्चर हैं, इसके अलावा 2 जगह से सिर फट गया है। मामले की सूचना खेड़ी पुल थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रदीप के होश में आने पर बयान लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पीड़ित के भाई सुरेंद्र ने बताया कि प्रदीप करीब 2 साल से सेक्टर-86 में कारों की डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है। कुछ समय पहले ओल्ड फरीदाबाद बसेलवा कॉलोनी निवासी अर्जुन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोपहर करीब 3.30 बजे प्रदीप 5 साल के बेटे विनय को स्कूल से लेकर कार्यालय पहुंचा था। तभी 8 मोटरसाइकिल व तीन कारों में 15-20 बदमाशों को लेकर अर्जुन पहुंचा। सभी के हाथों में लोहे की रॉड व डंडे थे। उन्होंने आते ही बेटे विनय को उठा लिया, जिससे प्रदीप वहां से भाग नहीं पाया। वहां मौजूद कर्मियों को भी उन्होंने रॉड व डंडों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर प्रदीप को लोहे की रॉड व डडों से बुरी तरह पीटा और वहां से चले गए।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना खेड़ी पुल प्रभारी संदीप मोर का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में है। टीम प्रदीप के बयान लेने अस्पताल गई थी। मगर अभी वह बेसुध है। ऐसे में मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका है। उसके होश में आते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
The post बेटे को बंधक बना कारोबारी को रॉड से पीटा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2HVPx4C
via Latest News in Hindi
0 Comments