अनिल शर्मा/निस
रोहतक, 25 मई
प्रदेश के एकमात्र पीजीआई में अब लीवर, किडनी सहित अन्य आर्गन ट्रांसप्लांट की यूनिट शुरू होने वाली है। इसके लिए शनिवार को देशभर से प्रसिद्ध चिकित्सक पीजीआई में एकत्रित हुए और अंगों के प्रत्यारोपण को लेकर मंथन हुआ। बताया जा रहा है कि मोहन फाउंडेशन की भागीदारी से देश के कई अन्य सरकारी व निजी अस्पतालों में अंग प्रत्यारोपण का काम चल रहा है और अब हरियाणा में भी पीजीआई एकमात्र ऐसा संस्थान होगा, जिसमें यह सुविधा उपलब्ध होगी। अंग प्रत्यारोपण यूनिट के लिए मोड‌्यूलर ओटी में दो आप्रेशन थियेटर व आईसीयू को तैयार कर दिया गया है। मोड‌्यूलर ओटी 2 जून को शुभारम्भ किया जाएगा। इस ओटी में 16 अत्याधुनिक आप्रेशन थियेटर बनाए गए हैं और इन्हीं में से अंग प्रत्यारोपण के लिए आप्रेशन थियेटर रिजर्व किए गए हैं। देश भर से आए चिकित्सकों ने माना कि भारत में मृत्यु के बाद अंग प्रत्यारोपण को लेकर लोगों में कोई जागरूकता नहीं है, सिर्फ दक्षिण भारत में ही एक फांउडेशन द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है, जबकि विकसित देशों में अधिकतर अंग प्रत्यारोपण मृत्यु के बाद ही किए जा रहे हैं।
पीजीआई के कुलपति डॉ. ओपी कालरा का कहना है कि अंग प्रत्यारोपण की यूनिट जल्द से जल्द शुरू हो इसके लिए प्रबंधन सभी तैयारियों में जुटा है और प्रदेश सरकार ने भी स्वीकृति मिल चुकी है।
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन हुआ, जिसमें लीवर, किडनी सहित आर्गन ट्रांसप्लांट शुरू करने बारे गहनता से विचार विमर्श किया।

भारत में अपनायी जाएगी विकसित देशों की तकनीक

सेमिनार में देशभर से लगभग 300 प्रसिद्ध चिकित्सकों ने शिरकत की। सेमिनार में चर्चा हुई कि विकसित देशों में जिस तरह से मृत्यु के बाद अंग प्रत्यारोपण किया जा रहा है, उसी तकनीक से अब भारत में भी यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पीजीआई के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रवीण मल्होत्रा ने लीवर ट्रांसप्लांट शुरू करने के बारे में अपना व्याख्यान दिया। सेमिनार में विशेष रूप से डॉ. सुखबीर सिंह, डॉ. एमएस ग्रेवाल, डॉ. राजेश गोदारा, डॉ. विनय तोमर, डॉ. सुरेखा, डॉ. ध्रुव चौधरी ने आर्गन ट्रांसप्लांट को लेकर सुझाव दिए।

The post पीजीआई को मिलेगी अंग प्रत्यारोपण यूनिट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2W4qer2
via Latest News in Hindi

0 Comments