शिमला, 23 मई (निस)
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने लोकसभा चुनाव के नतीजों को चौंकाने वाला बताया है। चुनाव नतीजों के बाद आज शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वीरभद्र सिंह ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह बिना किसी द्वेष के देश को विकास के पथ पर आगे ले जाएंगे।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि जिस तरह के चुनाव नतीजे आज आए हैं कांग्रेस उन्हें सहर्ष स्वीकार करती है और जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और इस बार का मत मोदी के पक्ष में है।
वीरभद्र सिंह ने इस मौके पर हिमाचल में हार का ठीकरा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सिर फोड़ा। उन्होंने कहा कि यदि सुक्खू को समय रहते अध्यक्ष पद से हटा दिया होता तो चुनाव के नतीजे कुछ और होते और कांग्रेस की इतनी बुरी हालत नहीं होती।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी चुनाव नतीजों को कांग्रेस के लिए निराशापूर्ण बताया। उन्होंने माना कि कांग्रेस के प्रचार में कमी रही और वह भाजपा का सही ढंग से मुकाबला नहीं कर पाई। यही कारण था कि भाजपा सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त लेने में कामयाब रही जबकि कांग्रेस विधायक अपने चुनाव क्षेत्रों में भी पिछड़ गए।

 

The post वीरभद्र ने सुक्खू के सिर फोड़ा ठीकरा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2VKWQBh
via Latest News in Hindi

0 Comments