कुरुक्षेत्र के रण में नायब सैनी बने नायक, अर्जुन नहीं कर पाए कमाल
विनोद जिंदल/हप्र
कुरुक्षेत्र, 23 मई
कुरुक्षेत्र में बृहस्पतिवार को भाजपा उम्मीदवार नायब सिंह सैनी जीत के बाद प्रदेश के राज्यमंत्री कृष्ण बेदी के साथ िवजय जुलूस निकालते हुए। -हप्र
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नायब सैनी ने अपने सभी 23 विरोधियों को पछाड़ते हुए भारी मतों से जीत हासिल की। नायब सिंह सैनी को 6 लाख 33 हजार 604 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम विरोधी निर्मल सिंह को 2 लाख 86 हजार 750 वोट मिले। नायब सिंह सैनी ने 3 लाख 46 हजार 854 मतों से विजय प्राप्त की है। इस चुनाव में तीसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी की शशि सैनी रही हैं। शशि सैनी को 69 हजार 704 मत प्राप्त हुए हैं। इस चुनाव में इनेलो नेता अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला को केवल 55 हजार 584 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि चौथे नंबर पर रहे जजपा और आम आदमी पार्टी के सांझे उम्मीदवार जयभगवान शर्मा डीडी को 65 हजार 9 वोट ही मिले।
नायब सिंह सैनी ने मतगणना शुरू होते हुए लीड लेनी शुरू कर दी थी। नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के 9 विधानसभा क्षेत्रों थानेसर, पिहोवा, लाडवा, शाहबाद, कैथल, कलायत, गुहला, पूंडरी और रादौर में विजयी रहे हैं। जैसे ही नायब सैनी की लीड एक लाख से अधिक हुई तो कार्यकर्ताओं और समर्थकों जश्न मनाना शुरू कर दिया। जैसे ही सैनी की जीत की घोषणा हुई तो कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर डांस किया और मिठाइयां बांटी। इसके बाद नायब सिंह सैनी, राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी तथा थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने एक खुली जीप में सवार होकर पूरे नगर के मुख्य-मुख्य स्थानों से विजय जुलूस निकालते हुए जहां हाथ जोड़कर लोगों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं द्वारा गुलाल भी लगाया गया।
कुरुक्षेत्र को कर्मभूमि मानकर करेंगे काम : निर्मल सिंह
दूसरी ओर कांग्रेस के उम्मीदवार निर्मल सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि परिणाम चाहे कुछ भी रहा हो लेकिन वे अब कुरुक्षेत्र को अपनी कर्मभूमि मानकर यहां काम करेंगे और कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का निदान करने के प्रयास में लगे रहेंगे। उनकी बेटी चित्रा सरवारा भी मतगणना केंद्र पर काफी देर तक डटी रही।
कार्यकर्ताओं ने एक साथ मनाई होली, दीवाली
शाहाबाद मारकंडा (निस) : मतगणना शुरू होते ही भाजपा के पक्ष में प्रचंड रुझान आने से भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही जश्न मनाने की तैयारियों में जुट गए थे। जैसे भाजपा के अपने दम पर बड़ी संख्या में सीटें जीतकर सरकार बनाने की खबरें आने लगी तो कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और दिन में ही होली, दीवाली मनाई।
ढोल की थाप पर मनाया जीत का जश्न
सीवन (मई) : भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा की दोबारा शानदार जीत पर ढोल की थाप पर नाचकर, गुलाल लगाकर व मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। भाजपा नेता संदीप सैनी ने बताया कि एग्जिट पोलों के परिणामों के बाद ही उन्होंने मिठाई का आर्डर दे दिया था व गुलाल का प्रबंध कर लिया गया था।
The post कुरुक्षेत्र के रण में नायब सैनी बने नायक, अर्जुन नहीं कर पाए कमाल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/30DERjI
via Latest News in Hindi
0 Comments