जितेंद्र अग्रवाल/हप्र
अम्बाला शहर, 23 मई

पंचकूला में बृहस्पतिवार को भाजपा के रतनलाल कटारिया समर्थकों के साथ जीत की खुशी का इजहार करते हुए। -ट्रिन्यू

लोकसभा चुनाव 2019 की मतगणना में भाजपा के रतन लाल कटारिया ने अम्बाला लोकसभा सीट पर 2014 में मिली रिकार्ड जीत का रिकार्ड 2019 में खुद ही तोड़ डाला। 2014 के चुनाव में कटारिया को 340074 वोट मिले थे, जबकि इस बार उन्हें 744438 मत मिले हैं। उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य कुमारी शैलजा को 403678 मत ही मिले थे।
अम्बाला संसदीय सीट को बड़े अंतर से जीतने की खुशी में आज भाजपा में जश्न का माहौल रहा तो कांग्रेस में सन्नाटा छाया रहा। कांग्रेस को लगातार दूसरे संसदीय चुनाव में हराकर भाजपा और उसके प्रत्याशी रतन लाल कटारिया ने 2004 व 2009 में मिली लगातार दो हार का बदला ले लिया।
अम्बाला जिला में 4 विधानसभा क्षेत्र अम्बाला शहर, अम्बाला छावनी, नारायणगढ़ व मुलाना शामिल हैं। चारों ही हलकों में भाजपा प्रत्याशी को एक तरफा जीत हासिल हुई।
संसदीय क्षेत्र के अम्बाला शहर विधानसभा क्षेत्र में कटारिया को 90316 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी शैलजा को 55715 मत मिले। इसी प्रकार अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र में कटारिया को 72212 वोट मिले, जबकि शैलजा को 42229 वोट मिले। संसदीय क्षेत्र के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी को 66602 मत मिलें जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 42805 मत मिले। मुलाना विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को 79065 वोट मिलें जबकि कांग्रेस को 43233 वोट मिले। कालका विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी को 78117 मत मिले जबकि कांग्रेस को यहां से 32175 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार पंचकूला हल्के से भाजपा प्रत्याशी को 85322 मतदाताओं का समर्थन मिला जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 38563 मतदाताओं ने अपना समर्थन दिया। साढौरा से भाजपा के रत्न लाल कटारिया को 80222 मत, कांग्रेस की कुमारी शैलजा को 52170 मत मिले, जबकि जगाधरी से भाजपा को 87667 मत कांग्रेस को 58495 मत मिले। इसी प्रकार यमुनानगर से भारतीय जनता पार्टी के रत्न लाल कटारिया को 101300 मत और शैलजा को 36566 मत मिले।

मैं तो एक कार्यकर्ता हूं
अम्बाला (निस) : मैं कौन हूं, एक कार्यकर्ता हूं। जीत तो नरेंद्र मोदी की नीतियों की है। जीत है तो भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मेहनत की जीत है। यह बात कहते ही भाजपा के विजयी प्रत्याशी रतनलाल कटारिया का मन खुशी से भर आया। कटारिया ने कहा कि पिछले पांच सालों में देश में एक बड़ा बदलाव आया है। आम आदमी की चिंता सरकार ने की है।

शैलजा दिल्ली रवाना
अम्बाला (निस) : मतगणना तक कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा अम्बाला में रही। उन्होंने मतगणना की प्रक्रिया का पूरा जायजा लिया और हार के परिणाम आते ही वे अपने अम्बाला छावनी निवास पर चली गई। शाम को करीब साढ़े 7 बजे वे दिल्ली के लिये रवाना हो गई। इस संवाददाता से बातचीत में उन्होंने जीत को स्वीकार करते हुये कहा कि जनता जर्नादन का आदेश सिर माथे हैं।

लतिका ने लड्डू बांट कर मनाई खुशी
पिंजौर (निस) : लोकसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर भाजपा विधायक लतिका शर्मा ने लड्डू बांटे और ढोल बजाकर खुशियां मनाई। उन्होंने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए अंबाला से भाजपा सांसद रत्नलाल कटारिया को बधाई दी।

The post कटारिया की शैलजा पर लगातार दूसरी जीत, 2004-09 की हार का हिसाब चुकता appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2VLtIti
via Latest News in Hindi

0 Comments