पुलिस ने हाईकोर्ट के वकील को बुरी तरह पीटा
मोहाली, 11 मई (निस)
शुक्रवार रात हाईकोर्ट के वकील सुरिंदर चाहल को मटौर पुलिस व पीसीआर पार्टी के मुलाजिमों ने सरे बाजार उस समय नंगा कर बुरी तरह पीटा जब उन्होंने रांग साइड आ रही पीसीआर पार्टी को बिना सीट बेल्ट लगाकर गाड़ी चलाने का कारण पूछा। पीसीआर मुलाजिम साहिब सिंह व एएसआई गुरमीत सिंह के अलावा अन्य पुलिस मुलाजिमों ने हाईकोर्ट के वकील सुरिंदर चाहल को पीटते हुए जबरन गाड़ी में धकेला और मेडिकल करवाने उपरांत कई घंटे तक थाने बिठाकर रखा। मौके पर इकट्ठा हुई भीड़ ने पुलिस मुलाजिमों की कथित गुंडागर्दी और वकील से मारपीट की वीडियो बनाई जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामला शुक्रवार रात 12 बजे फेज-3/7 की लाइट प्वाइंट का है। एडवोकेट सुरिंदर चाहल कार में अपने दो साथियों सहित फेज-3बी2 से फेज-7 की ओर जा रहे थे। उसी दौरान सामने से रांग साइड आ रही पीसीआर उनकी गाड़ी से टकराते हुए बाल-बाल बची। जब चाहल ने पीसीआर मुलाजिमों से पूछा कि अगर आम पब्लिक ऐसे कानून की उल्लंघना करती तो आप उसका चालान काट देते और अब आप खुद कानून तोड़ रहे हैं। सुरिंदर जब उनकी वीडियो बनाने लगे तो मुलाजिमों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। कई घंटे सुरिंदर को थाने बिठाकर रखा और जब उन्हें पता चला कि वे हाईकोर्ट के वकील हैं तो उन्होंने थाने में लिखित माफी मांगकर अपना पीछा छुड़ाया।
”दोनों पार्टियों का राजीनामा हो गया था। हां मारपीट की वीडियो मैंने भी देखी पर एडवोकेट ने शिकायत ही नहीं दी तो हम कार्रवाई कैसे कर सकते हैं। शिकायत देते तो कार्रवाई करते।”
-जगदेव सिंह, एसएचओ मटौर
अकाली-भाजपा रैली को काले झंडे दिखाने वालों की पिटाई
राजपुरा (निस) : अकाली भाजपा गठबंधन के लोकसभा पटियाला सीट से उम्मीदवार सुरजीत सिंह रखड़ा के समर्थन में बीती देर शाम हो रही रैली में कुछ लोगों को हाथ में काले झंडे लेकर रोष प्रदर्शन करना उस समय मंहगा पड़ गया जब रैली स्थल पर मौजूद कुछ अकाली भाजपा समर्थकों ने घेर कर पीटना शुरू कर दिया। अपने साथियों को पिटता देख बाकी साथी भाग खड़े हुये। मिली जानकारी के अुनसार पुराना राजपुरा में नगर खेड़ा के पास बीती देर शाम अकाली भाजपा उम्मीदवार सुरजीत सिंह रखड़ा के समर्थन में विशाल रैली का आयोजन किया गया था। इसमें रखड़ा के इलावा सुरजीत सिंह ग्रेवाल व अन्य अकाली भाजपा के दर्जनों स्थानीय बड़े नेता मौजूद थे। इस बीच ही सामने से कुछ लोग हाथ में काले झंडे लिये रैली की तरफ बढ़ते आ रहे थे । बताया जाता है कि इस मौके पर कुछ अकाली भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब देखा कि उक्त लोग रैली की तरफ बढ़ रहे हैं तो उन्होंने तुरंत मोर्चा सम्भालते हुये पीछे ही उन्हे घेर लिया। दो-तीन आदमी उक्त कार्यकर्ताओं के हत्थे चढ़ गये। अपने साथियों को पिटता देख काले झंडे वाले अन्य साथियों ने मौके से भागने में ही अपनी भलाई समझी। इस बीच कुछ अन्य लोगों के इकट्ठे हो जाने के बाद अकाली भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें भी छोड़ दिया।
The post पुलिस ने हाईकोर्ट के वकील को बुरी तरह पीटा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2LEdAu1
via Latest News in Hindi
0 Comments