सीमाओं पर चौकसी, अवैध शराब, ड्रग्स पर रखी जा रही नजर
नगर संवाददाता
चंडीगढ़/पंचकूला, 1 मई
चंडीगढ़ में बुधवार को डीजीपी संजय बेनीवाल और डीआईजी ओपी मिश्रा अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में रोपड़ की आईजीपी वी. नीरजा और डीसीपी पंचकूला कमलदीप गोयल के साथ बातचीत करते हुए।
शांतिपूर्ण और भयमुक्त लोकसभा चुनाव को लेकर ट्राईसिटी पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली की पुलिस ने कमर कस ली है। तीनों शहरों में चुनावों की तैयारी पूरे जोरों पर है। जहां एक तरफ राजनीतिक पार्टियां अपने अपने पक्ष में वोट मांगने के लिए जगह जगह जाकर बैठकें व सभाओं का आयोजन कर रही हैं, वहीं तीनों शहरों के प्रशासन भी लोगों को वोट डालने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं। चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष व शांतिपूवर्क संपन्न हो इसके लिए ट्राईसिटी पुलिस ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यूटी की सीमाएं मोहाली और पंचकूला से भी लगती हैं, इसके चलते बार्डर एरिया पर पुलिस ने अपनी नाकाबंदी मजबूत कर दी है। बुधवार को चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी संजय बेनिवाल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन में हुई संयुक्त बैठक में तीनों शहरों के पुलिस अफसरों ने हिस्सा लिया। बैठक में रोपड़ की आईजीपी वी. नीरजा, डीसीपी पंचकूला कमलदीप गोयल, एसपी सिटी मोहाली हरविंदर सिंह विर्क, डीएसपी अंबाला व बद्दी मौजूद रहे। चंडीगढ़ की तरफ डीजीपी ओपी मिश्रा, एसएसपी ट्रैफिक, एसएसपी नीलांबरी जगदले, एसपी ट्रैफिक विनीत कुमार, एसपी सिटी निहारिका भट्ट, दक्षिण चंडीगढ की एएसपी नेहा यादव व पूर्वी चंडीगढ़ के एसडीपीओ अमराओ सिंह बैठक में उपस्थित थे।
थाना प्रभारियों के साथ विचार साझा किए
अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों के साथ चुनाव की रूपरेखा के बारे में विचार साझा किए। खासकर ट्राईसिटी शहरों के अंदर या सीमाओं पर अवैध शराब और ड्रग्स की चैकिंग, इलाकों में हर समय चौकसी बढ़ाने, चैकिंग टीमों के साथ
संपर्क बनाने और घटना होने पर क्विक रियेक्शन टीमों को तैनात करने और रिस्पांडिंग टाइम पर चर्चा की। हरियाणा में चुनाव से 72 घंटे पहले से अस्थायी नाकेबंदी, अंतरराज्य सीमाओं से दाखिल हो रहे शरारती तत्वों पर नजर रखने के साथ साथ व्हाट्स एप ग्रुप के जरिए संपर्क बना कर चुनाव के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखने और संपर्क बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
बार्डर एरिया पर खास नजर रखने के आदेश
बीबीएन (निस ) : दून व नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनावों की पूर्व तैयारियों का एडीजीपी कानून व्यवस्था एसबी नेगी ने पुलिस अधिकारियों से बैठक कर जायजा लिया। इस संदर्भ में एडीजीपी ने एसपी आफिस में पुलिस जिला बद्दी के समस्त अधिकारियों के साथ बैठक कर उनको उचित दिशा निर्देश दिए व अपनी अपनी डयूटियां संभालने का आदेश दिए। उन्होंने कहा कि बीबीएन हिमाचल प्रदेश का सबसे ज्यादा संवेदनशील क्षेत्र है और यहां पर चुनावों में अक्सर तनाव हो जाता है। इसके अलावा दून व नालागढ़ विस क्षेत्र पंजाब व हरियाणा की सीमाओं से जुड़ा है इसलिए यहां पर बहुत ज्यादा अलर्ट रहने की जरूरत है। उन्होंने एसपी व उनके कनिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि बार्डर एरिया पर चुनावों तक गहरी नजर रखी जाए और तीसरी आंख यानी सीसीटीवी को भी सशक्त किया जाए। हर आने जाने वाले वाहन पर नजर रखी जाए और संदिग्ध वाहन का चैक किया जाए। बार्डर एरिया से शराब व पैसे आने की संभावना रहती है। इसलिए दिन रात हर मामले में पूरी एहतियात बरती जाए । लगातार वाहनों की तलाशी ली जाए और चुनावों से दो दिन पहले दारू के ठेके बंद हों यह भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस शांतिपूर्वक निष्पक्ष तरीके से मतदान करवाने को बचनबद्व है। उन्होंने साफ निर्देश दिए गए कि मतदान केंद्र के बाहर व अंदर वही लोग जाएं जो कि जरूरी है ।
The post सीमाओं पर चौकसी, अवैध शराब, ड्रग्स पर रखी जा रही नजर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2GOZC2X
via Latest News in Hindi
0 Comments