ग्रामीणों ने किया नारनौल-कनीना मार्ग जाम
नारनौल, 21 मई (एस)
पिछले 5 दिन से गांव खासपुर में ट्रक द्वारा तोड़े गए बिजली के पोल को ठीक नहीं करने पर गुस्साए ग्रामीणों ने नारनौल-कनीना सड़क मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए जाम के चलते दैनिक यात्रियों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दूसरी तरफ 3 घंटे इस जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर फैजाबाद चौकी प्रभारी अमरदीप मौके पर पहुंचे व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
ग्रामीणों की मांग पर निगम के जेई सूरजमल मौके पर पहुंचे व ग्रामीणों को तुरंत ही बिजली सप्लाई शुरू किए जाने का आश्वासन दिया। गत 5 दिन पूर्व एक अज्ञात ट्रक ने खासपुर में सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल को टक्कर मार दी थी, जिसके कारण ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया व गांव की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी कई बार शिकायत बिजली निगम के अधिकारियों को दी, लेकिन निगम के अधिकारियों ने न तो ट्रांसफार्मर को ठीक किया न ही गांव की बिजली सप्लाई को ठीक किया।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों का धैर्य जबाव दे गया व अल सुबह करीब 6 बजे ही ग्रामीणों ने नारनौल-कनीना सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर फैजाबाद चौकी इंचार्ज पहुंचे व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने एक न सुनी। पुलिस ने निगम के जेई को मौके पर बुलाया। जेई ने तुरंत गांव में कार्य शुरू करवाया तब जाकर ग्रामीणों ने साढ़े 11 बजे जाम खोला।
The post ग्रामीणों ने किया नारनौल-कनीना मार्ग जाम appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/30zoIf7
via Latest News in Hindi

0 Comments