किरण खेर अब सबसे अमीर उम्मीदवार
चंडीगढ़, 30 अप्रैल (ट्रिन्यू)
47.49 करोड़ रुपये की सम्पत्ति के साथ भाजपा प्रत्याशी किरण खेर चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा अमीर उम्मीदवार हैं। वे टाॅरेक्स फार्मास्यूटिकल कंपनी के एमडी परमजीत सिंह चटवाल के बाद सम्पत्ति के मामले में दूसरे नंबर पर थीं, लेकिन चटवाल का नामांकन खारिज हाेने के बाद अब वे पहले नंबर पर आ गई हैं। चटवाल की सम्पत्ति 51.47 करोड़ रुपये है, लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं होने की वजह से उनका नामांकन खारिज कर दिया गया। वहीं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन अब चंडीगढ़ के उम्मीदवारों पर सर्वाधिक सम्पत्ति के आधार पर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। अपने नामांकन पत्र में उन्होंने कुल सम्पत्ति 24.30 करोड़ रुपये घोषित की है। वहीं सबसे गरीब उम्मीदवार शिव सेना के अखिलेश कुमार हैं, 30 वर्ष के अखिलेश सबसे युवा उम्मीदवार भी हैं।
सरकारी नौकरियां दिलाएंगे, शिक्षा नहीं बिकने देंगे : बंसल
कांग्रेस उम्मीदवार पवन बंसल ने मंगलवार को सेक्टर-27 में एनएसयूआई की ओर से आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के दौरान देश में बेरोजगारी दर सर्वाधिक रही है। 2 करोड़ से ज्यादा नौकरियां युवाओं को देने का भाजपा का वादा भी खोखला साबित हुआ। ऐसे में मुझे उम्मीद है कि इस बार शहर का युवा भाजपा के छलावे में नहीं आएगा। बंसल ने इस दौरान बेरोजगारी के अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अपने खर्चे पूरे करने के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी ने फीस में बढ़ोतरी की। बंसल ने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह शिक्षा मुहैया कराए, न कि उसे बेचे। जब विद्यार्थियों ने कानून सम्मत तरीके से इस संबंध में विरोध प्रदर्शन किया तो अथॉरिटी ने उस पर लाठीचार्ज कराया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन भी मौजूद रहे।
लाल डोरे के बाहर बने मकान कराएंगे नियमित : धवन
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमोहन धवन ने मंगलवार को बढ़हेड़ी गांव में प्रचार के दौरान घर-घर प्रचार अभियान के दौरान कहा कि सांसद चुने जाने के बाद वे लाल डोरा से बाहर बने निर्माणों को नियमित कराएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार पवन बंसल के सांसद रहते पंचायतों को चंडीगढ़ नगर निगम में शामिल कर दिया गया था। वहीं बाकी 13 पंचायतों को भी भाजपा सांसद किरण खेर ने खत्म करवा दिया। धवन के अनुसार ग्रामीणों ने मुझसे कहा कि पंचायतें हमारी विरासत हैं, लेकिन दोनों राजनीतिक दलों के नेताओं ने इन्हें समाप्त करवा दिया। बंसल और खेर ने लोगों से वादा किया था कि लाल डोरा से बाहर बने निर्माणों को नियमित कराएंगे, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया।
The post किरण खेर अब सबसे अमीर उम्मीदवार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2VcMHC0
via Latest News in Hindi
0 Comments