कनीना की पैक्स ब्रांच में एफडी घोटाला
कनीना, 14 मई (एस)
सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक कनीना में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर और ब्रांच मैनेजर की मिलीभगत से हैड ऑफिस में किए गए करोड़ों के घोटाले का मामला अभी सुलझा नहीं था कि कनीना पैक्स शाखा में अब करोड़ों का एफडी घोटाला सामने आ गया है। माना जा रहा है कि पैक्स शाखा कनीना के तत्कालीन इंचार्ज अशोक कुमार की ओर से जनता के करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया है। इस बारे में कनीना बैंक प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश ने बीती 29 अप्रैल को बैंक के महाप्रबंधक महेंद्रगढ़ काे पत्र भेजकर जांच की मांग की थी। पत्र के आधार पर बैंक के जीएम ने अशोक कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जबकि असिस्टेंट रजिस्ट्रार चुप्पी साधे बैठे हैं। मामले का पर्दाफाश होते ही अधिकारियों ने लीपापोती के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
उपमंडल के गांव रामबास निवासी छोटेलाल बीती 26 अप्रैल को कनीना स्थित सैंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक शाखा व पैक्स में आया ओर एफडीआर संख्या 017934 प्रस्तुत कर नवीनीकरण की मांग की। यह एफडी 10 लाख रुपये मूल्य की है। पहले भी 2 बार रिन्यू हो चुकी है। तीसरी बार रिन्यू करवाने आया था इस बारे में जब पैक्स का रिकार्ड देखा गया तो इस एफडी का कहीं कोई उल्लेख नहीं मिला। दूसरी एफडीआर नम्बर 017937 जो 5 लाख रुपये की थी। इसका भी कोई रिकार्ड नहीं मिला।
पैक्स शाखा कर्मियों ने पूरे रिकार्ड को खंगाला तो पाया कि एफडीआर पैड ही गायब है, संभावना जताई जा रही है कि इस पैड में सीरियल नम्बर 34 तक करोड़ों रुपये की एफडी की गई हैं, जिसकी रकम बैंक में जमा न होकर प्रबंधक की जेब में गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस बारे में कनीना बैंक प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि रामबास गांव का मामला उनके संज्ञान में आने के बाद उन्हें रिकार्ड देखा जिसमें एफडीआर का विवरण नहीं मिलने पर उनकी ओर से पत्र के माध्यम से हैड ऑफिस को सूचित किया गया था। उसके बाद हैड ऑफिस की ओर से जांच करवाई जा रही है।
बैंक के चेयरमैन कंवर सिंह ने बताया कि जीएम चंडीगढ़ मीटिंग में हैं। उनके आते ही अगले सप्ताह सभी बैंक व पैक्स प्रबंधकों की बैठक बुलाई जाएगी। जिसमें दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि 2-3 कर्मचारियों ने निलंबन आदेश लिखे रखे हैं उनका दोष साबित होते ही निलबिंत किया जाएगा।
बैंक के जीएम रामबीर सिंह ने कहा कि वे चंडीगढ़ बैठक में हैं। पैक्स ब्रांच में किसी प्रकार का घोटाला हुआ है तो शिकायत आने पर उसकी जांच कराई जाएगी ओर दोषि पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहले बैंक में हुआ था फ्रॉड
इसके पहले सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के जीएम रामबीर सिंह की ओर से गठित जांच टीम में शामिल प्रभाकर वशिष्ठ जेए, रोहताश सिंह एसए व शक्तिपाल लिपिक की ओर से जांच कर रिपोर्ट भेजी थी जिसके मुताबिक ब्रांच मैनेजर अशोक कुमार, गजराज सिंह जूनियर अकाउंटेंट, कैलाश चंद ब्रांच मैनेजर, लिपिक युद्धवीर सिंह, लिपिक संजय सिंह, सेनि. क्लर्क ओमप्रकाश, श्रीकिशन गुप्ता की यूजर आईडी से हैड ऑफिस के खाते से करीब 86 लाख की रकम निकाली गई थी। इस पूरे प्रकरण में बैंक प्रबंधक अशोक कुमार व कंप्यूटर ऑपरेटर योगेश कुमार शामिल थे। जांच में 57 एंट्री के जरिए 84,34,781 रुपये का घोटाला पाया गया।
The post कनीना की पैक्स ब्रांच में एफडी घोटाला appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2WICKIX
via Latest News in Hindi
0 Comments