चरखी दादरी, 25 मई (निस)

चरखी दादरी के गांव रामनगर के पास शनिवार को मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन करते किसान। -निस

ग्रीन कॉरिडोर 152डी नेशनल हाईवे का मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले तीन माह से धरनारत किसान अब लघु सचिवालय घेरेंगे। इस दौरान किसान अपने साथ महिलाओं को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। किसानों ने धरने पर प्रशासन व सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए बड़ा आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
गांव रामनगर में पिछले 26 फरवरी से लगातार धरने पर बैठे किसानों ने एकजुट होकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार व प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है और किसानों को गुमराह किया जा रहा है।
इस दौरान प्रधान अनूप फौगाट, राजकुमार, सोनू टिकान, रामनिवास रानीला, महाबीर, सुखबीर समसपुर, सोनू दातौली, बलजीत व रामफल पहलवान इत्यादि उपस्थित थे।
नये कलेक्टर रेट तय कर दिया जाये मुआवजा : किसानों ने सरकार से आग्रह किया है किसानों को नये कलेक्टर रेट तय करके मुआवजा दिया जाए। किसान नेता अनूप खातीवास व विनोद मोड़ी ने कहा किसान अब रुकने वाले नहीं हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनकी मांगों को पूरा करवाने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। सीएम से वार्ता के बाद भी अधिकारियों द्वारा किसानों को धोखे में रखा। अब किसान एकजुट होते हुए महिलाओं को साथ लेकर लघु सचिवालय को घेरा जाएगा।

बहल के बैराण गांव में शनिवार को जनसंपर्क अभियान के तहत नारेबाजी करते भाकियू के सदस्य व क्षेत्र के किसान। -निस

किसान महापंचायत के लिए किया जनसंपर्क
बहल (निस) : भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रत्न मान के नेतृत्व में मार्केट कमेटी में गेट पास घोटाले, सरसों बिक्री शुरू करवाने, नए ट्यूबवैल कनेक्शनों से शर्तों को हटवाने की मांग को लेकर बहल की नई अनाज मंडी में 27 मई को होने वाली किसान महापंचायत के प्रचार प्रसार के लिए भाकियू नेताओं ने गोकलपुरा, कासनी खुर्द, कासनी कलां, मंढ़ोली कलां, गोपालवास, हरियावास, सिधनवा, सलेमपुर, ढाणी ओबरा, ओबरा, बैराण, नूनसर, बिधनोई सहित अन्य गांवों का दौरा किया। भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने बताया कि भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रतन सिंह मान ने सोमवार तक का ट्यूबवैल कनेक्शनों से शर्त हटाने का अल्टीमेटम दे रखा है। अगर सोमवार तक शर्तें नहीं हटी तो इस मुद्दे को लेकर भाकियू बड़े आंदोलन का एलान करेगी। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष महावीर सहारण, बलबीर सांगवान, विरेन्द्र, पूर्व सरपंच जगदीश सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

The post लघु सचिवालय का घेराव कर मांगेंगे हक appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2HVPy8G
via Latest News in Hindi

0 Comments