रोहतक, 25 मई (निस)

रोहतक पीजीआई में शनिवार को आयोजित सेमिनार का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ करते नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद के. पॉल। -निस

केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छा है कि सभी भारतीयों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं देश में उपलब्ध करवाई जाएं। हरियाणा सरकार भी मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च पर काफी जोर दे रही है, जिसका परिणाम है कि आज प्रदेश में कई मेडिकल कालेज खुल चुके हैं और कई मेडिकल कालेज नए खुलने पर तेजी से काम चल रहा है। यह कहना है नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद के. पॉल का। शुक्रवार को वह इंडियन एसोसिएशन ऑफ कार्डियोवैस्कूलर थोरेसिस सर्जन्स सभागार में आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. पॉल ने कहा कि कार्डियक सर्जरी में पीजी सीट काफी कम हैं, जिसकी वजह से देश में सर्जन की कमी है, इसके लिए हमें रास्ता तलाश करना होगा और युवा चिकित्सकों की कार्डियक सर्जरी में रुचि पैदा करनी होगी।
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमित झा ने कहा कि हरियाणा में 5 मेडिकल कालेज हैं और 4 नए मेडिकल कालेज खुलने पर काम चल रहा है। अमित झा ने कहा कि पीजीआई का नाम आज देश ही नहीं विदेशों मे भी प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में आता है और डेंटल कालेज तो अभी एक सर्वे में पूरे देश के डेंटल कालेजों मे तीसरे नंबर पर आया है। इस अवसर पर निदेशक डॉ. रोहताश यादव, डीन डॉ. सरिता मग्गू, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.जी. वशिष्ठ सहित काफी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।

2 सप्ताह में शुरू हो जाएगी नई कैथ लैब

कुलपति डॉ. ओ.पी. कालरा ने कहा कि पीजीआईएमएस का कार्डियक सर्जरी विभाग पहला ऐसा विभाग है जहां पर आयुष्मान भारत योजना के तहत पहली कार्डियक सर्जरी की गई। इस योजना के तहत करीब 50 करोड़ जनसंख्या कवर हो रही है। डॉ. कालरा ने कहा कि आगामी दो सप्ताह में पीजीआईएमएस में नई कैथ लैब शुरू हो जाएगी, वहीं कार्डियोलोजी में डीएनबी कोर्स भी शुरू करने जा रहे हैं।

The post प्रदेश में बन रहे 4 नए मेडिकल कॉलेज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2W54BXF
via Latest News in Hindi

0 Comments