तेज हवा, बारिश से गिरा तापमान
सोनीपत, 14 मई (हप्र)
सोनीपत अनाज मंडी में मंगलवार को बरसात के जमा पानी के बीच पड़ी गेहूं की बोरियां। -हप्र
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से बीती रात जिले के अधिकतर क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बरसात हुई। इसके चलते लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। साथ ही बरसात से किसानों को बिजाई में भी लाभ मिलेगा। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आशिंक रूप से बादल छाए रहेंगे।
जिले में दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास बना हुआ था। इसके चलते लोगों को जबरदस्त गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते सोनीपत जिले में औसतन 5 एमएम से अधिक बरसात दर्ज की गई। सोनीपत ब्लाक में जहां पांच एमएम बरसात दर्ज हुई, तो गन्नौर और खरखौदा ब्लाक में सबसे अधिक 7-7 एमएम बरसात दर्ज हुई।
जिले में सबसे कम बरसात गोहाना ब्लाक में दर्ज हुई। गोहाना ब्लाक में दो एमएम बरसात हुई। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान घटकर 37 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री रहा।
वहीं, बरसात से कृषि क्षेत्र को काफी फायदा पहुंचा है। मौजूदा समय में किसान खरीफ सीजन के लिए ज्वार, कपास, मूंग, जंतर आदि फसलों की बिजाई कर रहे हैं। बिजाई करने से पहले उन्हें खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है।
मौसम विशेषज्ञ डा. देवेन्द्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में बरसात हुई है। अगले दो से तीन दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
छत ढहने से महिला, बच्चा घायल
सिरसा के कस्बा कालांवाली में साेमवार की रात आयी बरसात के दौरान गिरी कमरे की छत। -निस
सिरसा (निस) : सोमवार रात्रि को आई तेज बरसात के चलते कालांवाली के वार्ड 6 की गली प्रकाशो महंत वाली में एक मकान की छत गिर गई। इस हादसे में एक महिला व बच्चे को चोट पहुंची है। दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। जानकारी के अनुसार सोमवार रात्रि को करीब 10 बजे तेज बरसात शुरू हुई तो कमरे की छत से बरसाती पानी टपकने लगा। 26 महिला लक्ष्मी छत से पानी निकालने के लिए छत पर चढ़ गई। इस दौरान कमरे की छत धड़ाम से नीचे गिर गई। इस हादसे में महिला भी छत के साथ ही नीचे गिरी लेकिन उसे ज्यादा चोट नहीं पहुंची। हादसे में उसके पैर पर चोट पहुंची और कमरे के गेट के पास बैठे उसके पांच वर्षीय बच्चे लक्की के पैर पर भी चोट लग गई। इस हादसे में कमरे के अंदर पड़ा बैड, अलमारी, कूलर आदि कीमती सामान मलबे के नीचे दबने से नष्ट हो गया।
आंधी के साथ बूंदाबांदी, गर्मी से नहीं मिली राहत
भिवानी (हप्र) : सोमवार शाम तेज आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन मंगलवार सुबह से ही सूर्य की तेज गर्मी ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। मंगलवार सुबह तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वही दोपहर 2 बजे तापमान 41.3 पर पहुंच गया। सोमवार शाम को हुई बूंदाबांदी से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि तापमान में दिन के समय गिरावट आएगी, लेकिन यह अनुमान गलत निकला। न तो आसमान में बादल दिखाई दिए और न ही हवा के झोंके महसूस हुए।
अधर में लटकी सड़क में भरा पानी
नारनौंद के उपमंडल कार्यालय व अस्पताल के सामने मंगलवार को सड़क पर जमा बारिश का पानी। -निस
नारनौंद (निस) : खांडा मोड़ से पेटवाड़ रोड स्थित नहर तक सड़क का निर्माण तय समय सीमा खत्म होने 2 माह बाद भी अधर में लटका हुआ है। सोमवार की शाम को हुई बारिश से उपमंडल कार्यालय व सरकारी अस्पताल के सामने सड़क पर पानी भर गया। इससे कॉलेज के छात्रों व राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सोमवार सुबह चार छात्राएं फिसलन होने के कारण गिर गई। इस बारे नगरपालिका के सचिव नितिन वत्स ने बताया कि किसान गेहूं की कटाई कर रहे थे। जिसके कारण साधनों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण सड़क के निर्माण कार्य को रुकवा दिया था। लेकिन अब किसानों का काम निपट चुका है, कल ही ठेकेदार से काम को शुरू करवा दिया जाएगा।
The post तेज हवा, बारिश से गिरा तापमान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2WQx8N7
via Latest News in Hindi
0 Comments