बंसल ने परिवार का, मैंने चंडीगढ़ का विकास किया : खेर
चंडीगढ़/पंचकूला, 12 मई (नस)
चंडीगढ़ में रविवार को समर्थकों के साथ सांसद किरण खेर।
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी किरण खेर ने कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल को घेरते हुए कहा है कि उन्होंने 15 साल तक यहां से सांसद रहते हुए केवल अपना और अपने परिवार का विकास किया है। जबकि पिछले 5 साल के दौरान मैंने (किरण खेर) ने अपने परिवार से दूर रहकर केवल चंडीगढ़ के विकास की बात की है। खेर रविवार को मनीमाजरा स्थित कार बाजार में पार्षद राजेश गुप्ता बिट्टू के नेतृत्व में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थी। अकसर अपने कारोबार को बढ़ावा देने के लिए चंडीगढ़ वासियों से दूर दिल्ली रहने वाले बंसल उनके बारे में दुषप्रचार करते हैं।
खेर ने कहा कि एक समय था जब कांग्रेसी सांसद के होते हुए मनीमाजरा पानी के लिए तरसता था आज चंडीगढ़ में 24 घंटे पानी सप्लाई की शुरुआत मनीमाजरा से हुई है।
खेर ने ऐलान किया है दोबारा चुनाव जीतने के बाद ऐसा नियम लागू करवाएंगी जिससे चंडीगढ़ वासियों को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी जाएगी। वर्ष 2014 में जब वह सांसद बनीं थीं तब चंडीगढ़ में नौकरियों के लिए आवेदन की आयु केवल 25 वर्ष थी जबकि पड़ोसी राज्यों में आवेदन के लिए आयु सीमा इससे अधिक थी। अगर वह नौकरी की आयु सीमा बढ़वा सकती हैं तो चंडीगढ़ के युवाओं को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता भी दिलवा सकती हैं।
खेर के समर्थन में उतरी मजदूर सेना
चंडीगढ़/पंचकूला (नस) : मजदूर सेना ने रविवार को भाजपा प्रत्याशी किरण खेर को लोकसभा चुनाव में समर्थन दिया है। सेक्टर 33 स्थित कमलम में रविवार को ‘मजदूर सेना’ के हजारों कार्यकर्ताओं ने चेयरमैन सौरभ जोशी की अगुवाई में एक समर्थन पत्र किरण खेर को सौंपा। उन्हें भरोसा दिलाया कि किरण खेर को सांसद बनाकर दम लेगी। इस अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में चंडीगढ़ प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, संगठन महामंत्री दिनेश कुमार व अजय जामवाल भी मौजूद थे। मजदूर सेना के अध्यक्ष मेघराज वर्मा ने बताया कि युवा चेयरमैन सौरभ जोशी की अगुवाई में यह सेना अलग-अलग कालोनियों में बिजली-पानी जैसी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करती रहती है, इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान भी चलाया जा रहा है।
26.24 लाख खर्च कर बंसल सूची में सबसे ऊपर
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : चंडीगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशियाें ने इस बार चुनाव संबंधी खर्च को लेकर ऊंची छलांग लगाई है। हालांकि अभी मतदान में एक हफ्ते का समय बाकी है, चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित किये गये खर्च में से लगभग आधी राशि ये प्रत्याशी खर्च कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार प्रत्याशियों का खर्च लाखों में पहुंच गया है। आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी पवन कुमार बंसल का खर्च करीब 26,24519 रुपये है, जबकि उनका अपना अनुमान 13 लाख रुपये खर्च होने का है। भाजपा प्रत्याशी किरण खेर का खर्च 13,97,973 बताया गया है। आप प्रत्याशी हरमोहन धवन का खर्च 4.3 लाख रुपये दिखाया गया है। बताया जाता है कि निर्दलीय प्रत्याशी का चुनाव खर्च भी लाखों में पहुंच गया है।
परनीत कौर के समर्थन में रैली
राजपुरा (निस) : लोकसभा चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार महारानी परनीत कौर के समर्थन में विशाल रैली का आयोजन पूर्व पार्षद और एडवोकेट रकेश मेहता ने अपने निवास पर किया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने विधायक कम्बोज को समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर कम्बोज ने लोगों को संबोधित करते हुये कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने के साथ ही राजपुरा में किये गये विकास कार्यों से आज इलाके का रंग रूप बदलने लगा है। राजपुरा मुक्त चौक से गगन चौक तक हेरिटेज रोड का निर्माण, शहर के पार्क में ओपन जिम, वातावरण दो पार्क के इलावा करोड़ों रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है।
The post बंसल ने परिवार का, मैंने चंडीगढ़ का विकास किया : खेर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2JhAy8q
via Latest News in Hindi
0 Comments