पीयू में अब नहीं चलेंगे अश्लील गाने
जोगिंद्र सिंह/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 12 मई
पंजाब विश्वविद्यालय में अब कोई पंजाबी गायक हथियारों, अश्लीलता, नशा और महिलाओं के खिलाफ भेदभावपूर्ण शब्दों वाले गीतों की प्रस्तुति नहीं दे पायेगा। पंजाब विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार के निर्देशों पर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. इमानुअल नाहर ने इस संबंध में एक सर्कुलर जारी कर दिया है। इसके अनुसार अब भविष्य में पीयू कैंपस स्टूडेंट्स कौंसिल द्वारा आयोजित की जाने वाली कल्चरल नाइट अथवा स्टार नाइट में किसी भी ऐसे गायक को न बुलाया जाये जिसके गानों में फूहड़ता हो, नशे को बढ़ावा देने वाले अथवा उसे न्यायोचित ठहराने वाले बोल हों। इसके अतिरिक्त हथियारों का जिक्र करने वाले गीतों पर भी पांबदी रहेगी।
इस सब के पीछे पंजाबी भाषा और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिये लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे गवर्नमेंट कालेज के सहायक प्रोफेसर पंडित राव धरेनवर की अहम भूमिका है। पंडित राव ने कई बार इसके विरोध में धरना भी दिया और कुलपति से लेकर ऊपर के स्तर पर भी इसका डटकर विरोध किया था। पिछले दिनों तो उन्होंने सिद्धू मूसेवाला के गानों पर भी कड़ा ऐतराज जताया था और उसके गांव जाकर उसकी सरपंच मां से गुहार लगायी थी कि वे अपने बेटे को ऐसे गाने गाने से रोके।
अब डीएसडब्ल्यू दफ्तर की ओर से सभी ब्वॉज व गर्ल्स हॉस्टलों के वार्डनों, कौंसिल के सदस्यों को यह परिपत्र भेजा गया है। मजे की बात यह है कि इसकी प्रति कुलपति को भेजने के अलावा डीयूआई और रजिस्ट्रार के साथ पंडित राव धरेनवर को भी भेजी गयी है जो सेक्टर 41 में रह रहे हैं। प्रो. पंडित राव धरेनवर ने पीयू के कुलपति प्रो. राज कुमार को कैंपस में अश्लील व हथियारों की महिमा वाले गाने गाए जाने से रोकने के लिए 24 अप्रैल को एक पत्र लिखा था।
पंडित धरेनवर ने जताई खुशी
इस संबंध में पंडित धरेनवर ने कहा कि उन्हें बड़ी खुशी हुई है कि उनकी दी गई शिकायत पर कुलपति ने सुनवाई की। उन्होंने स्टूडेंट्स के हित की बात सोची है। पीयू एक साइलेंस जोन है, जहां पर ध्वनि प्रदूषण नहीं हो सकता है लेकिन पीयू में यह लगातार हो रहा है।
The post पीयू में अब नहीं चलेंगे अश्लील गाने appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2Jd5Ugc
via Latest News in Hindi
0 Comments