पंचकूला/चंडीगढ़, 28 अप्रैल (नस)
पंचकूला के एमडीसी में दो दिन पहले बरामद हुई 19 साल की युवती की जली हुई लाश की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसीपी नूपुर बिश्नोई ने आज यूटी पुलिस के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर पिछले दिनों गायब हुई युवतियों के बारे में रिकार्ड खंगाला परंतु देर शाम तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मृतका के बाहरी क्षेत्र की होने पर संदेह जताते हुए हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस से भी संपर्क किया।
एसीपी नूपुर बिश्नोई ने कहा कि युवती की हत्या के मामले में पुलिस को कोई भी सुराग नहीं मिला है। शनिवार सुबह 7 बजे पुलिस ने एमडीसी के थाना के नजदीक खाली जगह में युवती की जली हुई लाश बरामद की थी। एसीपी नूपुर बिश्नोई ने बताया कि बीते दिन चंडीगढ़ के तीन परिवारों ने आकर अपनी गायब बेटियों के बारे में मृतका के फोटो से हुलिये को पहचानने की कोशिश की परंतु फोटो मैच नहीं हुए। उधर, सूत्रों ने बताया कि एक इंदिरा कालोनी के रहने वाले व्यक्ति ललन ने बेटी की हत्या करने का संदेह कालोनी के ही युवक पर जताया है। व्यक्ति ने दावा किया है कि मनसा देवी से मिला जला हुआ शव उसी की बेटी का है। पुलिस की तरफ से हालांकि देररात व्यक्ति द्वारा मृतका की शिनाख्त करने की पुष्टि नहीं की गई। सूत्रों की माने तो काले रंग की एल्टोकार को भी पुलिस ने बरामद कर उसके चालक से पूछताछ की है। शुरूआती जांच में कार चालक का रोल सामने नहीं आया है। पुलिस ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।

The post जली लाश की शिनाख्त के लिए यूटी पुलिस ने खंगाले रिकार्ड appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2VAegEq
via Latest News in Hindi

0 Comments