नई दिल्ली : अगर देश के किसी कोने में किसी विवाद को लेकर सही तथ्यों को सामने न रखकर लोगों को बरगलाया जाए, उसे हिंदू-मुसलमान की लड़ाई बताकर साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ा जाए तो यह न केवल शर्मनाक है, बल्कि इस तरह का रंग देने वाले व्यक्तियों की मानसिकता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। यही कार्य दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल कर रहे हैं। ये बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर निशाना साधते हुए शनिवार को कही।

तिवारी ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल लगातार हिंदू और हिंदूत्व प्रतीकों का अपमान कर रहे हैं। सत्ता पाने के लिए अंधे हो चुके केजरीवाल हिन्दू धर्म और हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में हिन्दू विरोधियों को जनता जल्द आगामी चुनावों में करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है कि जब केजरीवाल हिंदुओं को नीचा दिखाने के लिए इस तरह की हरकत कर रहे हैं। इसके पहले भी उन्होंने गाय की फोटो को ट्वीट कर और प्रतीक चिह्न स्वास्तिक का अपमान किया है। अब केजरीवाल ने गुरुग्राम में क्रिकेट मैच के झगड़े को जिस तरह हिंदू-मुसलमान का रंग दिया है, ऐसा किसी प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपेक्षित नहीं है।

मोदी देश के चौकीदार हैं, सभी डॉक्टर स्वास्थ्य के चौकीदार हैं : मनोज तिवारी

उन्होंने कहा कि केजरीवाल भूल रहे हैं कि ये नया भारत है, धर्म के नाम पर नहीं, देश विकास और राष्ट्रवाद के नाम पर अपना मत तय करेगा। तिवारी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में जहां एक तरफ मोदी सरकार विकास के मुद्दे पर चुनाव में जाने की तैयारी कर रही है, वहीं केजरीवाल जनता को गुमराह करने का घिनौना षड्यंत्र रच रहे हैं।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2CCiVuT
via Latest News in Hindi

0 Comments