आपकी राय
रिश्तों में दरार
भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के जवानों ने अस्थाई कैंप लगाकर गश्त बढ़ा दी है। नेपाल के प्रधानमंत्री की ओर से भारतीय क्षेत्र को नेपाल के हिस्सा बताने पर दोनों देशों में कूटनीति तौर पर बयानबाजी के बाद तनाव बढ़ने लगा है। अभी पिछले महीने नेपाल आर्म्स पुलिस फोर्स के जवानों ने सीमा पर गश्त के दौरान सीतामढ़ी के सोनबरसा में फायरिंग की थी, जिस कारण दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता हुआ दिख रहा है। नेपाल के प्रधानमंत्री की बयानबाजी ने भारत-नेपाल के रिश्तों में दरार पैदा कर दी है।
नितेश कुमार सिन्हा, मोतिहारी
बाढ़ की तबाही
इस बार मानसून की बारिश ने असम समेत कई राज्यों में बाढ़ के रूप में भयंकर तबाही मचाई है। देश पहले से ही कोरोना महामारी की मार झेल रहा है। ऐसे में सरकार के साथ-साथ समाजसेवी संस्थाओं को भी मिल-जुलकर आपदा प्रबंधन में सहयोग करना चाहिए। नेपाल, चीन जैसे देशों से भारत तक बहने वाली नदियां प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान बाढ़ का कारण बनती हैं। यह एक पेचीदा मामला है जिसके लिए अंतर्राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन नीति की जरूरत है।
यशपाल माहवर, मुक्तसर, पंजाब
तार्किक नहीं
प्रधानमंत्री बार-बार हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहे हैं कि बुजुर्ग और बच्चे कोरोना से बचाव के लिए विशेष ध्यान रखें। वहीं जाने-माने अभिनेता अमिताभ बच्चन अपने घर पर ही डाक्यूमेंटरी की शूटिंग में लग गए। खुद भी कोरोना के शिकार हो गये। हद तो तब हो गई जब अनेक लोग देश दुनिया को इस महामारी से बचाने के लिए यज्ञ हवन करने की बजाय अमिताभ के लिए प्रार्थना करने जुट गए।
एम.एल. शर्मा, कुरुक्षेत्र
The post आपकी राय appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2ZP3WtJ
via Latest News in Hindi
0 Comments