आपकी राय
विकल्प नहीं
कोरोना वायरस ने अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन के साथ शिक्षा व्यवस्था को बहुत अधिक प्रभावित किया है। हालांकि नुकसान को कम करने के लिए स्कूल व कालेजों ने इस समय ऑनलाइन शिक्षा को विकल्प के रूप में अपनाया है। लेकिन देश में ऑनलाइन शिक्षा की चुनौतियां बहुत ज्यादा हैं। ऑनलाइन शिक्षा बच्चे को किताबी ज्ञान तो दे सकती है परंतु संस्कार नहीं। इस लिए इस संकट काल में ऑनलाइन शिक्षा एक विकल्प तो है पर परंपरागत शिक्षा का स्थान नहीं ले सकती।
सोहन लाल गौड़, बाहमनीवाला
सोचे सरकार
मोदी सरकार ने अपनी पहली पारी में देश के हित में कई निर्णय लिये। लेकिन अब मोदी सरकार को अपने निर्णयों पर विचार करना चाहिए। वहीं क्या पेट्रोल, डीजल और बिजली के बिल भी जीएसटी के अंतर्गत नहीं आने चाहिए? सरकार ने बीमा पॉलिसियों की किस्त पर जीएसटी लगाकर क्या उचित किया है? गरीब और मध्यम परिवार बीमा की पॉलिसी लेते हैं और बहुत मुश्किल से बीमा की किस्तें भरते हैं। इन निर्णयों पर भी विचार करने की आवश्यकता है।
राजेश कुमार चौहान, जालंधर
तेज करें तैयारी
चीन और पाकिस्तान सदैव हमारे विरुद्ध रहे, लेकिन हम विश्व को मैत्रीयता और शांति का पाठ पढ़ाते रहे। देश की रक्षा के लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर इनको सबक सिखाना आवश्यक हो गया है। इन देशों से होने वाले आयात पर प्रतिबंध लगना चाहिए।
संजय वर्मा, मनावर, धार, म.प्र.
भ्रामक बयानबाजी
सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान पर सवालिया निशान उठाना शर्मनाक है। विपक्ष द्वारा देश की सुरक्षा पर सवाल उठाना सही नहीं है। सुरक्षा एक संवेदनशील मुद्दा है और यह सबूत के लिए पूछना अपमानजनक है। विपक्षी नेता जिस प्रकार झूठी बयानबाजी देकर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं, वह उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाता है।
नेहा जमाल, मोहाली, पंजाब
The post आपकी राय appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Z8XJbI
via Latest News in Hindi
0 Comments