अमेठी/लखनऊ, 18 जुलाई (एजेंसी)
अमेठी की गुड़िया नामक महिला और उसकी मां साफिया द्वारा यहां आत्मदाह करने की कोशिश मामले में जिले के जामो थाने के प्रभारी निरीक्षक रतन सिंह सहित 3 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, घटना के सिलसिले में एक कांग्रेस नेता और एक एमआईएम नेता समेत 4 के खिलाफ आपराधिक साजिश और महिला को उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी अरूण कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बताया कि कि साफिया का उसके पडोसी से नाली विवाद था जिसके चलते 9 जुलाई को मारपीट हुई थी। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी को भादंसं की धारा 107/116 के तहत पाबंद भी किया था। गर्ग ने बताया कि इस मामले में थाना प्रभारी जामो, हल्का उप निरीक्षक एंव सिपाही को निलंबित किया गया है। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौपी गयी है, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने यहां संवाददाताओं से कहा,‘प्रथम दृष्टया ऐसी जानकारी मिली है कि यह पूरी घटना एक साजिश के तहत हुई है। यह एक आपराधिक साजिश है जिसके तहत महिला को कुछ लोगों ने इस काम के लिये उकसाया।’ उन्होंने बताया कि हजरतगंज थाना में इस मामले में एमआईएम नेता कदीर खान और कांग्रेस नेता और पूर्व प्रवक्ता अनूप पटेल एवं आसमा नामक एक महिला और सुल्तान नामक एक पुरूष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पांडे ने बताया, दोनों मां-बेटी से कहा गया था कि वे लखनऊ आयें तब उनकी मांग सुर्खियों में आयेगी। हमारे पास इस बात के सबूत हैं कि ये उप्र कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में अनूप पटेल से मिले। सबूतों के अनुसार अनूप पटेल ने इन दोनो मां-बेटी को आग लगाने के लिये उकसाया।’
मां गंभीर, बेटी की हालत स्थिर
श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल के अधीक्षक आशुतोष दुबे ने शनिवार को बताया कि मां करीब 90 प्रतिशत जल गयी है और उनकी हालत गंभीर है जबकि बेटी 15 प्रतिशत जली है और उनकी हालत स्थिर है। मां को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे यहां लोकभवन के सामने जब अमेठी की इन 2 महिलाओं ने खुद पर कैरोसिन छिड़का और आग लगा ली।
विपक्ष ने बोला यूपी सरकार पर हमला
विपक्षी दलों- बसपा और सपा ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को ट्वीट किया,’जमीन विवाद प्रकरण में अमेठी जिला प्रशासन से न्याय न मिलने पर मां-बेटी को लखनऊ में सीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह करने को मजबूर होना पड़ा। यूपी सरकार इस घटना को गम्भीरता से ले तथा पीड़ित को न्याय दे एवं लापरवाह अफसरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करे ताकि ऐसी घटना पुनः न हों।’ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया ‘लोकभवन के सामने 2 महिलाओं द्वारा आत्मदाह की घटना, सोती हुई सरकार को जगाने के लिए क्या काफ़ी नहीं है या फिर असंवेदनशील सरकार व मुख्यमंत्री जी किसी और बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं। क्या उप्र में सरकार नाम की कोई चीज़ है!’
साजिश रच रही भाजपा : कांग्रेस
कांग्रेस ने शनिवार को सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि वह घटना के बाद प्रशासनिक कमी को छिपाने के लिए कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ भाजपा साजिश रच रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेन्द्र चौधरी ने कहा, ‘पूरे प्रदेश में जंगलराज है। अपराधियों और पुलिस का गठजोड़ चरम पर है। प्रदेश की जनता अपराधियों और पुलिस के रवैए से त्राहिमाम कर रही है।’ कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह ने कहा, ‘प्रशासनिक कमी को छुपाने के लिए कांग्रेस प्रवक्ता को फंसाने की भाजपा साजिश रच रही है।’

The post 3 पुलिस कर्मी सस्पेंड, कांग्रेस नेता समेत 4 के खिलाफ केस appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3jjgUaM
via Latest News in Hindi

0 Comments