नवीन पांचाल
गुरुग्राम, 19 जुलाई। राजस्थान पुलिस यहां होटल में ठहरे बागी विधायकों के ऊपर शिकंजा कसने में लगी है। एसओजी की टीम एक बार फिर एफआईआर में नामजद विधायकों से पूछताछ करने यहां पहुंची। यह टीम ऑडियो टेप कांड के आरोपी बनाए गए दोनों बागी विधायकों की तलाश में पहले रिजॉर्ट पहुंची लेकिन भारी पुलिसबल की मौजूदगी में प्रबंधन गेट खोलने से ही इनकार कर दिया, जिसके चलते टीम को वापस लौटना पड़ा।
राजस्थान एसओजी की टीमें दिल्ली समेत कई स्थानों पर डेरा डाले हुए हैं। ये टीमें अपने खुफिया इनपुट के आधार पर लगातार सक्रिय हैं और विधायकों की टोह में जुटी हैं। इस बात की पहले से ही आशंका जताई जा रही थी कि एसओजी की टीम फिर से विधायकों की तलाश में यहां पहुंच सकती है। रविवार की देर रात करीब 11 बजे यह आशंका सही साबित हुई और एक स्कॉर्पियो गाड़ी में 5 सदस्यीय टीम बेस्ट वेस्टर्न रिजॉर्ट  पहुंच गई। एसओजी की टीम को देखते ही यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों गेट बंद कर दिया। राजस्थान की एसओजी ने जब रिजॉर्ट में प्रवेश करना चाहा तो हरियाणा पुलिस के जवानों ने इन्हें रोक लिया। करीब 15 मिनट तक रिजॉर्ट के बाहर टीम के सदस्य गाड़ी लेकर खड़े रहे। काफी प्रयास के बावजूद यहां तैनात हरियाणा पुलिस के जवानों ने एसओजी के सदस्यों को बताया कि रिजॉर्ट में विदेशी कोरोना मरीजों को आइसोलेट कर रखा है, इसलिए अंदर जाना वर्जित है। आखिरकार यह टीम रिसोर्ट के सामने से चली गई। समाचार लिखे जाने तक टीम के सदस्य होटल आईटीसी ग्रैंड भारत नहीं पहुंचे थे लेकिन इलाके में एसओजी की मौजूदगी के चलते होटल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। देर रात होटल व इसके आसपास के इलाकों में हरियाणा पुलिस की मूवमेंट जारी थी।

The post विधायकों की तलाश में रात 11 रिजॉर्ट पहुंची राजस्थान की एसओजी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3hfrei1
via Latest News in Hindi

0 Comments