भारत की शक्ति
पूरा विश्व कल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने जा रहा है। हालांकि, इस बार जोश कुछ कम है पर योग का महत्व और भी बढ़ गया है क्योंकि यह कोरोना वायरस जैसी बीमारियों से लड़ने के लिए शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। इसके साथ ही योग का भारत की मृदु शक्ति (सॉफ्ट पॉवर) कूटनीति में बहुत योगदान है। भारत जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश के लिए मृदु शक्ति और भी अधिक मायने रखता है जहां चीन कठोर शक्ति का प्रयोग करके अपना वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहा है, वहीं भारत ने अपनी बौद्धिक और सांस्कृतिक शक्ति से सभी देशों से अच्छे संबंध स्थापित किए हैं और योग इसका महत्वपूर्ण अंश है।
डिंपी भाटिया, नई दिल्ली

चीनी मंसूबे
पाकिस्तान, चीन के बाद अब नेपाल भी भारत के क्षेत्र को अपने नक्शे में दिखाकर आंख दिखा रहा है जो बड़े आश्चर्य की बात है। ये सभी हरकतें सिर्फ चीन के इशारे पर ही हो रही हैं। आज देश एक अच्छे मुकाम पर है, जिसकी अपनी ताकत और पहचान है। ईंट का जवाब पत्थर से ही देना उचित है। आज चीन खुद अपनी विश्व विरोधी हरकतों से अलग पड़ चुका है। चीन की इस घेराबंदी को पूरी दुनिया देख रही है, जिसमें वह जल्द खुद ही घिरने वाला है।
वेद मामूरपुर, नरेला

चीन को समझे नेपाल
भारत और नेपाल के बीच लगातार बिगड़ते रिश्तों को सुलझाने के लिए सरकार को कूटनीतिक स्तर पर बातचीत द्वारा मुद्दाें को सुलझा लेना चाहिए, ताकि आने वाले दिनों में चीन नेपाल को हमारे विरुद्ध उपयोग नहीं कर सके। नेपाल चीन की चालबाजियों को समझना नहीं चाहता है। नेपाल के लोगों और सरकार को समझना चाहिए कि चीन जब तिब्बत और म्यांमार का नहीं हुआ तो नेपाल का क्या होगा। नेपाल को चीन की महत्वाकांक्षाओं को समझना चाहिए।
नारायण हरि, चंडीगढ़

The post आपकी राय appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2NcKujx
via Latest News in Hindi

0 Comments