एकजुटता से परिवर्तन

एकजुटता का सुफल
समाज-निर्माण में व्यक्ति नामक इकाई की भूमिका अति महत्वपूर्ण होती है। निर्विवाद सत्य है कि एकजुटता की कड़ी से जुड़ी यह इकाई क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती है। वर्तमान में कोरोना वायरस से निपटने के लिए देशवासी विभिन्न रूपों में एकजुटता का परिचय दे रहे हैं। हर भेदभाव से ऊपर उठकर –एक सब के लिए, सब एक के लिए दर्शन का अनुसरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य, सफ़ाई व पुलिस कर्मी प्राणपण से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। भारत की बेहतरीन स्थिति इस बात का प्रमाण है कि हर आम व खास जन प्रशासनिक निर्देशों की अनुपालना कर रहा है।

कृष्णलता यादव, गुरुग्राम

नेतृत्व में विश्वास
जब भी देश पर विपत्ति आती है तो जनता एकजुट होकर नेतृत्व के साथ मजबूती के साथ खड़ी हो जाती है। यहीं से राष्ट्रवाद और राष्ट्रभक्ति की ऊर्जा का संचार होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देश ने जिस प्रकार की एकजुटता दिखाई वह अकल्पनीय है। शहरों से लेकर गांव तक ताली बजाने व दीप जलाने का अभियान संकल्प में बदल जाए तो फिर यह एक मिसाल बन जाता है। कोरोना के खिलाफ 9 मिनट के दीपोत्सव ने संदेश दिया कि देश की आवाम को अपने प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा है। जनता को महसूस हुआ कि मोदी कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए ईमानदार हैं। जनता का यही विश्वास और ईमानदारी सशक्त नेतृत्व के चलते हम सब कोरोना से जंग जीत सकते हैं।

अमन सिंह, बरेली, उ.प्र.

सफल नेतृत्व
प्रधानमंत्री ने जितनी बार भी देश को संबोधित किया, उन्होंने एक बार भी ऐसा कुछ नहीं कहा, जिससे देश में कोरोना को लेकर घबराहट पैदा हो। वैज्ञानिक तरीके से देश को बचाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग की सलाह दी तो वहीं दूसरी तरफ इस महामारी में भी देश की सेवा में लगे योद्धाओं, डॉक्टरों, पुलिस, सफाई कर्मचारियों आदि जैसे योद्धाओं का हौसला बढ़ाने के लिए ताली बजाने और दीपक जलाने का समर्थन मांगा। वहीं गरीबों की मदद के लिए सामाजिक दायित्व निभाने का भी अनुरोध किया। यही भारतीय जनमानस का समर्थन और सहयोग प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।

राजेश कुमार चौहान, जालंधर

परिवर्तनकारी भूमिका
पांच तारीख की रात्रि रोशनी दिखाकर एकजुटता का प्रदर्शन, ऊर्जा का संचार के लिए घरों में रहकर दूरियां बनाकर, डाक्टर, नर्सों के प्रति श्रद्धा दिखाकर सराहनीय कार्य किया गया। दूसरे पहलू को देखें तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद करते हुए प्रधानमंत्री का कथन श्रेष्ठ है—गरीबों और वंचितों की सेवा देशसेवा का सर्वश्रेष्ठ तरीका है। सामाजिक एकजुटता से परिवर्तनकारी भूमिका ये देखने को मिली कि सामाजिक एवं अन्य संगठनों के सेवाभावी सदस्य, शासन, प्रशासन आदि लॉकडाउन के बीच अपनी सराहनीय सेवाएं जरूरतमंदों को सहायता स्वरूप प्रदान करने में दिन-रात जुटे रहे।

संजय वर्मा, मनावर, धार

अग्रिम पंक्ति में
हम भारतवासी विपदा या परेशानी से हार नहीं मानते, क्योंकि दृढ़निश्चय और जूझने का संकल्प हमारी रगों में बहता है। हम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ व ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ में विश्वास करने वाली धरती के सुपुत्र हैं और दीप प्रज्वलन तो सदियों सदियों से हमारी सनातन संस्कृति व परंपरा रही है। नायाब और सक्षम नेतृत्व हमारी सामाजिक एकजुटता की ताकत को कभी कमजोर नहीं होने दिया। विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ ही विश्व के तमाम देशों ने कोरोना के खिलाफ हमारी परिवर्तनकारी भूमिका को सहज स्वीकार किया। आज हम कोरोना के खिलाफ अपनी लड़ाई में अग्रिम पंक्तियों में खड़े हैं।

सुनील कुमार महला, पटियाला, पंजाब

शानदार मिसाल
कोरोना के खिलाफ मुहिम में प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व की जितनी प्रशंसा की जाये कम है। यही कारण है कि इस विषय को लेकर पूरा देश उनके हर आह्वान का हृदय से स्वागत कर रहा है। देश के सभी नागरिकों ने जो सामाजिक एकजुटता दिखाई है उसने पूरी दुनिया के सामने एक शानदार मिसाल प्रस्तुत की है। उम्मीद की जानी चाहिए कि आने वाले समय में इसी एकजुटता के बल पर हमारा देश कोरोना वायरस से फैली महामारी के विरुद्ध चल रही जंग में अवश्य ही विजय प्राप्त करेगा।

सतीश शर्मा, माजरा, कैथल

उत्साह से आत्मविश्वास
पांच अप्रैल को मोदी जी के आह्वान पर जनता ने दीप जलाकर जो उत्साह व एकता का परिचय दिया वह किसी चमत्कार से कम नहीं है। यह सब साबित करता है कि यदि नेतृत्व कुशल व विश्वसनीय हो तो एकता की मिसाल मजबूत व स्थिर हो सकती। 130 करोड़ लोगों में जो ऊर्जा की सकारात्मक शक्ति मिली, वह कोरोना जैसी महामारी से लड़ने के लिए सहारा देती है। लोगों को उनकी शक्ति व एकता का अहसास ही विश्वास और उत्साह का संचार करता है। अपार जनसंख्या और सीमित संसाधन वाले देश भारत में उत्साह ही सबसे बड़ा हथियार होता है। इस तरह का उत्साह और एकता ही राष्ट्र को चुनौतियों से लड़ने की शक्ति देता है।

सोहन लाल गौड़, बाहमनीवाला, कैथल

The post जन संसद appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2KkEeo9
via Latest News in Hindi

0 Comments