कमान केन्द्र से कोरोना को काबू करेगा निगम
रंजू ऐरी डडवाल/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 24 अप्रैल
चंडीगढ़ के सेक्टर 18-19 डिवाइडिंग रोड के नाके पर शुक्रवार को पुतला लगाकर लोगों को कोरोना महामारी के बारे में जागरूक और घरों में रहने का संदेश देती पुलिस। -मनोज महाजन
चंडीगढ़ नगर निगम में कोविड के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के संचालन व नियंत्रण के लिए निगम कार्यालय में एक नया नियंत्रण और कमान केंद्र स्थापित किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को निगमायुक्त केके यादव ने सचिवालय में कोविड वार रूम में नियमित बैठक में दी।
चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगमायुक्त ने बताया कि निगम के पूरे कार्यबल को पूरी तरह से इस काम में लगाया गया है। प्रशासक ने उन्हें बारिश के मौसम से पहले सड़कों, गलियों और बरमों की सफाई शुरू करने की सलाह दी ताकि जल जमाव न हो।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि कोरोना से रिकवरी की दर राष्ट्रीय स्तर पर 20 प्रतिशत है जबकि चंडीगढ़ की दर 56 प्रतिशत है। चंडीगढ़ में कोरोना मामलों के दोगुनी होने की दर 30.26 दिन है। राष्ट्रीय औसत 8.6 दिन है। उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि किसानों से अब तक 4050 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है।।
मनोज परिदा, सलाहकार ने कहा कि जेल में कैदियों की जांच के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि जेल परिसर में सीओवीआईडी -19 का प्रकोप न हो। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशों में चंडीगढ़ में केवल घरों में सामान पहुंचाने के लिए ग्रासरी, मीट, मछली, सब्जी व फल आदि की दुकानें प्रात 9 से रात 9 बजे तक खुली रहेगी। इनमें स्विगी, जमैटो भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दूध, ब्रैड, अंडे आदि की घरों में डिलीवरी के लिए दुकानें प्रात 5 बजे से रात 9 बजे तक खुली रह सकती हैं। आम लोगों के लिए दुकानों का समय प्रातः 10 से 2 बजे तक रहेगा।
एक मरीज हुआ डिस्चार्ज
प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने शुक्रवार को ट्वीट इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि आज शहर में कोई नया मामला नहीं आया। एक और मरीज़ ठीक हो कर घर गया है। चंडीगढ़ में आये कोरोना के 27 मरीज़ों में से 15 ठीक हो कर घर जा चुके हैं। 15 का इलाज चल रहा है। चंडीगढ़ के एक भी रोगी की मृत्यु नहीं हुई है।
सेक्टर 30 के लोंगों ने खुद शुरू की स्क्रीनिंग
चंडीगढ़ के सेक्टर 30-बी में लगातार आ रहे कोरोना संक्रमित मामलों के कारण प्रशासन ने कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया। अपने क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए सेक्टर के युवाओं ने सेक्टर 30 कोरोना वॉरियर्स की टीम बना कर वहां के निवासियों को सेल्फ स्क्रीनिंग के लिए प्रोत्साहित कर रही है। रेजिडेंट्स वेलफेयर एशोसिएशन ए ब्लॉक के अध्यक्ष यादविंदर मेहता ने कहा कि उनकी टीम ने सेल्फ स्क्रीनिंग का एक फॉर्मेट बनाया है जिसमें कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता के साथ परिवार के हर सदस्य अपनी कोरोना के सम्भावित लक्षणों की डिटेल भरेंगे।
सीमा पार से आई पीजीआई की नर्स क्वारंटाइन में भेजी
चंडीगढ़ पुलिस की सख्ती का ख़मियाज़ा पीजीआई की एक नर्स को भुगतना पड़ा है। बताया जाता है कि पीजीआई में तैनात थी। छुट्टी खत्म कर वह वापस फरीदकोट से ड्यूटी पर लौट रही थी। पलसौरा बैरियर पर पुलिस ने उसे रोक लिया। उसने अपना पास और नर्स का कार्ड तो दिखाया। इसके बावजूद हेल्थ विभाग की टीम ने नर्स को पीजीआई के नवोदय हॉस्टल में अगले 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन कर दिया है। अब इसकी रिपोर्ट बनाकर पीजीआई प्रशासन को दी जा रही है। पिछले 2 दिन में दूसरे राज्यों से चंडीगढ़ में दाखिल हुए कुल 15 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है।
10 लाख की स्क्रीनिंग
चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा केन्द्र सरकार के दिशानिर्देशों पर घर घर जाकर की जा रही स्क्रीनिंग में अब तक 650 ऐसे लोग मिले हैं जिनमें कोरोना के सम्भावित लक्षण पाये गए हैं। अब तक करीब 2.53 लाख घरों में लगभग 10 लाख लोगों का परीक्षण किया जा चुका है। चंडीगढ़ में 12 लाख की आबादी का परीक्षण करना लक्ष्य है। सर्वेक्षण के लिए शहर को 4 ज़ोन में बांटा गया है। यह सारा ऑपरेशन पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर किया जा रहा है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों को पहले कवर किया जाता है, उसके बाद कॉलोनियों और फिर सेक्टरों में। लोगों को प्रश्नों का एक सेट दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि कोई भी कोविड का लक्षण है तो उसे न छिपायें।
The post कमान केन्द्र से कोरोना को काबू करेगा निगम appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3eQ94mM
via Latest News in Hindi
0 Comments