सूक्ष्मजीव विज्ञानी पर कोरोना वैक्सीन का पहला परीक्षण
लंदन, 24 अप्रैल (एजेंसी)
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों के एक समूह ने कोरोना वायरस का एक टीका विकसित किया है। मानव पर परीक्षण करने के चरण में यह टीका सबसे पहले एक सूक्ष्मजीव विज्ञानी (माइक्रोबायोलॉजिस्ट) को लगाया गया है। इस परीक्षण के लिये शुरुआती दौर में शामिल 800 लोगों में सूक्ष्मजीव विज्ञानी एलिसा ग्रांताओ पहली स्वयंसेवी हैं। उम्मीद है कि इस चिकित्सीय परीक्षण से दुनिया को जानलेवा कोरोना वायरस का एक टीका मिल जाएगा और लॉकडाउन हटाने में भी मदद मिलेगी।
ग्रांताओ ने बीबीसी से कहा कि मैं एक वैज्ञानिक हूं, इसलिए मैं वैज्ञानिक प्रक्रिया में मदद करना चाहती हूं, जहां तक मैं कर सकती हूं। इस हफ्ते टीके का परीक्षण शुरू होने पर उन्हें ऑक्सफोर्ड में यह टीका लगाया गया। उन्होंने कहा कि चूंकि मैंने वायरस का अध्ययन नहीं किया है, इस वजह से मुझे आजकल बहुत बेकार सा महसूस हो रहा था। उन्हें उनके 32वें जन्म दिन पर यह टीका लगाया गया। परीक्षण के प्रभाव जानने के लिए अब उनकी 48 घंटों तक निगरानी की जाएगी। इसके बाद वैज्ञानिक अन्य स्वयंसेवियों पर परीक्षण शुरू करेंगे। इस शोध का नेतृत्व कर रहीं ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के जेनर संस्थान के टीका विज्ञान विभाग की प्राध्यापक सारा गिलबर्ट ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से इस टीके पर मुझे अत्यधिक भरोसा है। उन्होंने कहा कि बेशक, हमें इसका परीक्षण करना होगा और आंकड़े लेने होंगे। हमें यह प्रदर्शित करना होगा कि यह वास्तव में काम करता है और लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित होने बचाता है, जिसके बाद आबादी के बड़े हिस्से में टीके का उपयोग किया जा सकेगा।
The post सूक्ष्मजीव विज्ञानी पर कोरोना वैक्सीन का पहला परीक्षण appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3azf00c
via Latest News in Hindi
0 Comments