दिमाग में बैठा लो, मैं कोई जायरा वसीम नहीं !
भिवानी,17 अप्रैल (एजेंसी)
कोरोना वायरस को लेकर पिछले दिनों जमातियों पर किए गए विवादित ट्वीट के बाद पहलवान एवं भाजपा नेता बबीता फौगाट ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वह अब भी ट्वीट में कही गयी अपनी बात पर कायम हैं। बबीता ने वीडियो में कहा, ‘कुछ लोग सोशल मीडिया पर गलत-गलत मैसेज करने लगे, गालियां देने लगे और फोन करके धमकी देने लगे हैं, मैं उनसे कहना चाहूंगी कि मैं अपने ट्वीट पर कायम हूं, जिन्हें सच सुनने में समस्या है वे अपने आप में सुधार लाकर सच सुनने की आदत डाल लें।’
गौरतलब है कि हाल में बबीता के जमातियों पर ट्वीट से विवाद पैदा हो गया था। उन्होंने वीडियाे में कहा, ‘जो लोग धमकी दे रहे हैं, उन लोगों को कह रही हूं कि कान खोलकर सुन लो। दिमाग में बैठा लो। मैं कोई जायरा वसीम नहीं हूं, जो तुम्हारी धमकियां सुनकर घर बैठ जाऊंगी। मैं बबीता फौगाट हूं, देश के लिए लड़ी हूं और ऐसे ही लड़ती रहूंगी।’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ट्वीट पर कुछ गलत नहीं लिखा। उस ट्वीट पर अब भी कायम हूं। मैंने उन लोगों के बारे में लिखा है जिन्होंने कोरोना संक्रमण को फैलाया है। क्या तबलीगी जमात के लोगों ने कोरोना संक्रमण को नहीं फैलाया? क्या वे नंबर-1 पर नहीं बने हुए।…तबलीगी जमात के लोगों ने हिंदुस्तान में कोरोना नहीं फैलाया होता तो लॉकडाउन कब का खुल चुका होता और कोरोना हार गया होता। मैंने धर्म, समुदाय या किसी जाति के बारे में नहीं लिखा, मैंने उन लोगों के बारे में लिखा जिन्होंने कोरोना फैलाया है।’
नहीं करेंगी कोई कानूनी कार्रवाई
चरखी दादरी(प्रदीप साहू/निस) : ‘दैनिक ट्रिब्यून’ से बातचीत में बबीता फौगाट ने साफ कहा कि धमकियां देने वालों पर वह कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगी। कानूनी कार्रवाई वे लोग करते हैं, जिन्हें डर लगता हो। उल्लेखनीय है कि बबीता ने पिछले दिनों ट्वीट कर देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों में हुई बढ़ोतरी का कारण तबलीगी जमात के लोगों को बताया था। इस पर वह ट्रोलर्स के निशाने पर आ गई थीं। नियमों का हवाला देकर ट्विटर ने बबीता के अकाउंट को बंद कर दिया था। ट्वीट डिलीट करने के बाद ही उनके अकाउंट को एक्टिव किया गया।
The post दिमाग में बैठा लो, मैं कोई जायरा वसीम नहीं ! appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RHeRkH
via Latest News in Hindi
0 Comments