मौलाना साद पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (एजेंसी)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तबलीगी जमात के नेता मौलाना साद कांधलवी, जमात से संबंधित ट्रस्ट और अन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि एजेंसी ने दिल्ली पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट दर्ज की है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 31 मार्च को मौलाना और 7 अन्य के खिलाफ निजामुद्दीन थाने के एसएचओ की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की थी। यह मामला कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के आदेशों का उल्लंघन कर तबलीगी जमात का इज्तिमा आयोजित करने को लेकर दर्ज किया गया था।
4 करीबियों पर मामला दर्ज
सहारनपुर (एजेंसी) : दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के मुखिया मौलाना साद के 4 करीबी लोगों पर सहारनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। इनमें 2 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आ चुकी है, जबकि अन्य 2 की रिपोर्ट आनी शेष है। पुलिस के अनुसार आरोपी दक्षिण अफ्रीका और फ्रांस की यात्रा के बाद दिल्ली निजामुद्दीन मरकज गये थे, लेकिन इस बात को इन्होंने छिपाया।
जमातियों को अस्थायी जेलों में रखें
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मुकदमे की जद में आए तबलीगी जमात के लोगों को अस्थायी जेलों में रखने का निर्देश दिया गया है। गृह विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘जमात के एक-एक व्यक्ति का विवरण लेकर उनके विरुद्ध जहां भी कार्रवाई होनी है, उसका निर्देश दिया गया है।’ उन्होंने कहा, ‘जिन जमातियों पर मुकदमा दर्ज है, उन्हें अस्थायी जेल में रखने का निर्देश संबंधित जिलाधिकारियों को दिया गया है।’
The post मौलाना साद पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aeGLem
via Latest News in Hindi
0 Comments