बचपन की यादें और ये मंजर
ब्लॉग चर्चा
पल्लवी सक्सेना
कल अपने भाई के मुख से कुछ पुरानी बातों कुछ पुरानी यादों को सुनकर मुझे बचपन की गलियां याद आ गयीं, जिनमें मेरे बचपन का लगभग हर इतवार बीता करता था। कितनी मासूम, कितनी भोली हुआ करती हैं वो यादें, जिनमें बचपन बीता होता है। सच कहते हैं लोग, लोग मर जाते हैं पर यादें कभी नहीं मरतीं। अंधे मोड़ की गलियों की उन दीवारों में से एक दीवार पर बने ताक पर हर राह चलते राहगीर का पूरी श्रद्धा से माथा टेकना, बिना यह जाने की उस ताक में विराजमान खुदा किस धर्म से संबंध रखता है अपने आप में बहुत अपनापन लिये होता था। तब मैं बच्ची ही थी पर उन अंधे मोड़ों की गलियों से गुज़रने में भी मुझे किसी प्रकार का कोई डर नहीं लगा कभी।
…याद आया नानी के घर में भी ऊपर पूजा वाली अटारी में भी ठीक वैसी ही शांति महसूस होती थी जैसी उस मंदिर में हुआ करती थी। उस समय कहने को तो, हम बच्चे ही थे। लेकिन तब भी हम वो सुकून, वो शक्ति, वो शांति महसूस करते थे जो किसी पवित्र जगह पर की जा सकती है। मुझे आज भी वो दिन भुलाये नहीं भूलता जब एक दिन मैं, अपने छोटे भाइयों संग अपनी नानी के घर उस पूजा वाली अटारी में खेल रही थी। तब शायद मम्मी, मौसी और नानी भी वहां मौजूद थे। क्योंकि पूजा वाली अटारी ऊपर थी, तो सभी को यह डर रहा होगा कि कोई बच्चा वहां की खिड़कियों से झांकने के चक्कर में नीचे न गिर जाये। इसलिए हम जब वहां खेलते कोई न कोई बड़ा वहां अवश्य होता ही था। हम वहां नानाजी के संग पूजा भी करते थे। कोई चंदन घिसता, तो कोई फूल-बत्ती को घी लगाता। आज अपने भाई से उन गलियारों की बात सुनकर मन किया कि फिर एक बार उसका हाथ पकड़ कर ठीक बचपन की तरह उन गलियों से गुज़रते हुए नानी के घर जाया जाए। किन्तु अब वहां कोई नहीं रहता। वो मिट्टी का पावन घर, जिसमें हमारी स्मृतियां थीं, अब तो कब का टूट कर एक पक्का मकान बन चुका है। अब नहीं आती वहां कोई गाय, न वो पूजा वाली अटारी ही शेष रही, जिसे नानी अपने हाथों से लीपकर अपने मन के भावों से भर दिया करती थीं। हां, अब यदि वहां स्मृतियों के नाम पर कुछ बचा है, तो वह है, वहां जाने वाला रास्ता और वो दोनों मंदिर, जिनमें आज तक कोई बदलाव नहीं आया है। शेष तो एक सुनहरे बचपन की चंद मीठी-सी यादें।
साभार : म्हारे अनुभव डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम
The post बचपन की यादें और ये मंजर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39ITh5y
via Latest News in Hindi
0 Comments