धड़ल्ले से हो रही जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी
जितेंद्र अग्रवाल/हप्र
अंबाला शहर, 6 अप्रैल
कोरोना संक्रमण के कारण चल रहे देशव्यापी लॉकडाउन में जिला मुख्यालय पर कुछ दुकानदार जमकर मुनाफाखोरी करने में लगे हैं, लेकिन प्रशासन के अधिकारी हैं कि जानकारी देने पर भी संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं चाहते। ऐसे में जिला प्रशासन के कालाबाजारी या मुनाफाखोरी करने के आदेश मात्र कागजों तक सिमट कर रह गए हैं। अभी तक गली-गली फल सब्जी बेचने वाले माशाखोरों द्वारा मनमाफिक दाम वसूलने की शिकायतें ही सामने आ रही थीं। अब ताजा मामला पुरानी अनाज मंडी का है। मनीष गुप्ता नामक एक दुकानदार ने बताया कि उन्होंने अपने घर और दुकान के पास ही स्थित एक थोक कंनफेक्शनरी की दुकान से कई प्रकार का सामान मंगाया। होलसेल की दुकान होने के बावजूद उसने सभी वस्तुओं के दाम रिटेल वाले ही लगाए। हैरानी तो तब हो गई जब उसने 600 एमएल बिसलेरी सोडे की पेटी के 168 रुपये वसूल लिए जबकि उसके बाद उन्होंने दूसरी किसी दुकान से बिसलेरी का ही 750 एमएल का पैक मंगाया जो दुकानदार ने मात्र 145 रुपये पेटी के हिसाब से दिया। इसकी जानकारी प्रशासन के 2 अधिकारियों को दी गई लेकिन दोनों ने टालने वाली बात कहकर कार्रवाई नहीं की।
भाव निर्धारित, शिकायत के लिए टेलीफोन नंबर जारी
अंबाला शहर (हप्र) : जिला का कोई भी होलसेल या रिटेल दुकानदार यदि वस्तुओं का मूल्य निर्धारित रेट से अधिक वसूल करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। निर्धारित रेटों से अधिक मूल्य वसूल करने की स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर एसडीएम अंबाला शहर के दूरभाष 0171-2530350, मोबाइल 8683044000, एसडीएम अंबाला छावनी के नंबर 0171-260077, मोबाइल 8529101709, एसडीएम नारायणगढ़ के नंबर 01734-284008 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है।
”दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि वे आवश्यक खाद्य वस्तुओं के जो वाजिब रेट हैं, उससे ज्यादा किसी भी उपभोक्ता से चार्ज न करें। यदि इस संबंध में कोई शिकायत जिला प्रशासन के संज्ञान में आती है तो तुरंत संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।”
-अशोक कुमार शर्मा, उपायुक्त
The post धड़ल्ले से हो रही जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xQKHnY
via Latest News in Hindi
0 Comments