नेरवा में जबरन घुसे तबलीगियों पर केस दर्ज
जिंदगी रुकती नहीं… कोरोना ने भले ही पूरे विश्व को रोक सा दिया है लेकिन नाहन के इस गद्दी के पांव नहीं रुके और वह अपनी भेड़ों को लेकर स्पीति की ओर निकल लिया। अपने गर्मियों के वार्षिक सफर के दौरान बुधवार को यह गद्दी कुफरी के पास फागू में अपने रेवड़ के साथ। -अमित कंवर
शिमला, 1 अप्रैल (निस)
दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मरकज में हिस्सा लेकर बिना बताए हिमाचल प्रदेश में घुसने वाले लोगों पर प्रदेश पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। ऐसे 12 लोगों के खिलाफ प्रदेश पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
ये एफआईआर शिमला जिला के नेरवा पुलिस थाने में दर्ज की गई है। दिल्ली में तबलीगी जमात के मरकज में हिस्सा लेने वाले ऐसे 167 लोगों की पहचान की गई है और इन्हें क्वारंटाइन में रखा गया है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक सीताराम मरढी ने शिमला जिला के नेरवा में 12 ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ये लोग नेरवा पहुंचे जहां नाके पर पुलिस ने इनकी गाड़ी को पकड़ा। पुलिस ने गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है और सभी 12 लोगों को नेरवा डिग्री कॉलेज में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। क्वारंटाइन में रखे गए इन लोगों की पहचान गुलेश मोहम्मद, सलीम दीन, वरशद अली, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद आरिफ, शाबीर, मोहम्मद आरिफ-2, क्यूम मोहम्मद, अब्दुल, अजरूद्दीन, कमरशाह और देवार शब्बीर के रूप में हुई है। इनमें से ज्यादातर पांवटा साहिब व नेरवा के रहने वाले हैं।
जमात से लौटे 6 नागरिकों की पहचान
धर्मशाला (निस) : कांगड़ा जिला में दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज में आयोजित तबलीगी जमात से लौटे 6 लोगों की पहचान की गई है। इनमें से 3 को क्वारंटाइन किया गया है जबकि 3 को धर्मशाला के आइेसोलेशन वार्ड में रखा गया है। टांडा में आज कोरोना वायरस के 6 संदिग्धों के सैंपलों की जांच गई जिसमें सभी नेगेटिव पाए गए हैं। टांडा मेडिकल कालेज में जांचे गए 6 सैंपलों में से 5 टांडा जबकि एक जोनल अस्पताल धर्मशाला में आइसोलेशन पर भर्ती व्यक्ति के हैं। इसकी पुष्टि डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने की है।
ऊना में 893 लोग क्वारंटाइन सेंटर में भेजे
ऊना में कोरोना को रोकने पर प्रशासन द्वारा किए जा रहे इंतजामों पर आज ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि अब तक जिला प्रशासन ने लगभग 11,500 राशन के पैकेट जरूरतमंदों को वितरित किए हैं। गुरुवार से दूसरे चरण की सप्लाई शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला में प्रवेश कर रहे 893 लोगों को विभिन्न क्वारंटाइन सेंटर में भेजा गया है।
कर्फ्यू में ढील के दौरान भी बाहर निकलने पर प्रतिबंध
इस बीच, प्रदेश पुलिस महानिदेशक सीताराम मरढी ने कहा कि तबलीगी जमात व अन्य मुस्लिम समुदाय के 167 व्यक्ति पिछले कुछ दिनों में दिल्ली व अन्य प्रदेशों से वापस लौटे हैं। इन 167 व्यक्तियों में से 32 सिरमौर, 10 चंबा, 53 बद्दी, 35 ऊना, 4 मंडी, 23 शिमला और 10 कांगड़ा जिला के निवासी हैं। इन सभी को इनके जिलों में क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन में रखे गए लोगों को कर्फ्यू में ढील के दौरान बाहर निकलने पर प्रतिबंध है। उन्होंने जनता से आग्रह किया है कि ऐसे व्यक्ति को जिसे क्वारंटाइन किया गया है और वह अगर बाहर घूमता पाया जाए तो उसका फोटो खींचकर व्हाटसएप नंबर 9459100100 पर भेजकर सूचित करें। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निजामुद्दीन से लौटे 4 लोगों में कोरोना के लक्षण नहीं
मंडी (निस) : मंडी जिला में 4 लोगों की जानकारी प्रशासन के पास है जो 9-10 मार्च के करीब दिल्ली (निजामुद्दीन) से लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी जांच कर ली है, उनमें से किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। उन्हें आए हुए 20 दिन से अधिक हो गए हैं। अभी वे एहतियातन होम क्वारंटाइन में हैं। नेरचैक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में अभी 2 लोग हैं। इनमें से एक की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। दूसरा व्यक्ति पंडोह का है, जिसे सांस की दिक्कत के चलते आज ही अस्पताल लाया गया है। उसका भी सैंपल टांडा भेजा जा रहा है। जिसकी रिपोर्ट कल शाम तक आएगी।
The post नेरवा में जबरन घुसे तबलीगियों पर केस दर्ज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2JvrCKB
via Latest News in Hindi
0 Comments