इस्लामाबाद में बुधवार को फल और सब्जी लेने के लिए मास्क लगाकर संक्रमण रहित एक टनल से जाते लोग। – एएफपी

ढाका/इस्लामाबाद, 1 अप्रैल (एजेंसी)
भारत के पड़ोसी देशों में भी कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। बांग्लादेश ने बुधवार को एक और व्यक्ति की मौत के बाद वहां अभी तक वायरस संक्रमण से छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 54 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। देश के स्वास्थ्य अधिकारियों ने चिंता जतायी है कि संभवत: देश में सीमित क्षेत्र में समुदाय के स्तर पर संक्रमण फैलना शुरू हो गया है। बांग्लादेश ने पहले से जारी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को 9 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है।
उधर, पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बुधवार को दो हजार पार चली गयी। पाकिस्तान के स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में कुल 105 नये मामले सामने आए हैं जिसके साथ संक्रमित लोगों की संख्या 2,039 तक पहुंच गई है। मंत्रालय के मुताबिक सबसे अधिक मामले पंजाब से आए हैं जहां पर कुल 708 कोरोना वायरस संक्रमितों का पता चला है। वहीं सिंध में 676, खैबर पख्तूनख्वा में 253, बलूचिस्तान में 158, गिलगित बाल्तिस्तान में 184, इस्लामाबाद में 54 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में छह मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने बताया कि अबतक कोरोना वायरस से 26 लोगों की मौत हुई है जबकि 82 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 12 लोगों की हालत नाजुक है।
श्रीलंका में एक दिन में 21 मामले
कोलंबो : श्रीलंका में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 21 मामले सामने आए। यह अब तक का एक दिन में सबसे अधिक है। इसके बाद देश में इस जानलेवा विषाणु से संक्रमितों की तादाद 143 पहुंच गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि आने वाले दो हफ्ते काफी अहम रहने वाले हैं। द्वीप राष्ट्र में एक शख्स की रविवार को मौत हुई है। वह देश में कोरोना वायरस के दूसरे संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया था, जो इतावली सैलानियों के संपर्क में आया था।

The post बांग्लादेश में 5 मरे, पाक में 2 हजार संक्रमित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2JyRchG
via Latest News in Hindi

0 Comments