हसनपुर की पंचायत फंड में पौने 2 करोड़ का गबन
सोनीपत, 12 अप्रैल (हप्र)
गांव हसनपुर की पंचायत के फंड में गबन और धोखाधड़ी कर 1.67 करोड़ रुपए निकालने का मामला सामने आया है। बीडीपीओ कार्यालय मुरथल के एसईपीओ ने मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में सरपंच, ग्राम सचिव व आईडीबीआई के मैनेजर समेत 13 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस मामले में आरोपी ग्राम सचिव ने एक सप्ताह पहले सोनीपत में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में ग्राम सचिव के पिता ने बीडीपीओ मुरथल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा है। एसईपीओ सुरेंद्र खत्री ने पुलिस को लिखे पत्र में बताया कि हसनपुर की पंचायत के खातों से फिक्स डिपोजिट की राशि 1.67 करोड़ रुपए धोखाधड़ी व मिलीभगत से निकाल लिए गए। उन्होंने बताया कि राशि को उपायुक्त कार्यालय के फर्जी पत्रों द्वारा निकाला गया। आरोप है कि राशि को एक नवंबर, 2019 से 23 मार्च, 2020 के बीच निकाला गया।
सरपंच, ग्राम सचिव, बैंक मैनेजर पर केस
इस मामले में हसनपुर के सरपंच जयनारायण, ग्राम सचिव सुरजीत, आईडीबीआई शाखा धतूरी के मैनेजर दीपक के साथ फ्रैंडस फिलिंग स्टेशन, मलिक इंटरप्राइजेज, ओम आंतिल बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर, चिरंजीलाल सेल्स, सौरभ कंस्ट्रक्शन, गंगा इंटरप्राइजेज, साइन इंटरप्राइजेज, श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, शिव ट्रेनिंग कंपनी व नेशनल सबमर्सिबल पंप फर्मों ने मिलीभगत कर राशि को निकलवा लिया है। मुरथल थाना पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम सचिव कर चुका है आत्महत्या
इस मामले में आरोपी बनाया गया ग्राम सचिव सुरजीत पहले ही आत्महत्या कर चुका है। सुरजीत ने 6 अप्रैल को शास्त्री कालोनी में अपने साथी के कार्यालय में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उसके पास से सुसाइड नोट मिला था। इस पर ग्राम सचिव के पिता के बयान पर पुलिस ने मुरथल के बीडीपीओ के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर रखा है। अब मुरथल पुलिस ग्राम सचिव समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है।
The post हसनपुर की पंचायत फंड में पौने 2 करोड़ का गबन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2yNsOXx
via Latest News in Hindi
0 Comments