टीमों को चार्टर्ड फ्लाइट में लाओ, कोरोना टेस्ट कराओ, पर टी20 विश्वकप रद्द न करो
मेलबर्न, 15 अप्रैल (एजेंसी)
आस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हाॅग का मानना है कि उनके देश को इस साल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टी20 विश्वकप आयोजन करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए, भले ही इसके लिए टीमों को एक महीने पहले चार्टर्ड फ्लाइट में लाना पड़े और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का कोविड-19 परीक्षण कराना पड़े। इस घातक बीमारी के कारण टी20 विश्वकप पर भी संशय के बादल छा गए हैं जिसका आयोजन आस्ट्रेलिया में 18 अक्तूबर से 15 नवंबर के बीच होना है। हाॅग ने कहा कि वह टूर्नामेंट को स्थगित या रद्द करने के विचार के खिलाफ हैं और टूर्नामेंट के सुचारू आयोजन के लिए आयोजकों को समय रहते कुछ जरूरी कदम उठाने होंगे। हाॅग ने अपने ट्विटर हैंडल पर डाले वीडियो में कहा, ‘इस तरह की बातें हो रही हैं कि आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप को रद्द किया जा सकता है या इसका समय बदला जा सकता है। मुझे यह पसंद नहीं है… लेकिन कुछ समस्याएं हैं जिनका हल निकालने की जरूरत है।’ उन्होंने कहा, ‘काफी खिलाड़ी लाकडाउन से गुजर रहे हैं। वह बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और टी20 विश्वकप जैसे टूर्नामेंट के लिए ट्रेनिंग और तैयारी नहीं कर पा रहे। इसलिए हमें उन्हें यहां एक या डेढ़ महीना पहले लाना होगा।’ हाॅग ने सुझाव दिया कि आस्ट्रेलिया में प्रवेश के लिए चार्टर्ड फ्लाइट लेने से पहले प्रत्येक खिलाड़ी का परीक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘व्यावसायिक उड़ाने उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए हमें चार्टर्ड उड़ानों का सहारा लेना होगा… चार्टर्ड फ्लाइट में बैठने से पहले सभी खिलाड़ियों का परीक्षण होना चाहिए।’ हाॅग ने कहा, ‘आस्ट्रेलिया में आने के बाद उन्हें 2 हफ्तों के लाकडाउन से गुजरना होगा। 2 हफ्ते का पृथक रहने का समय पूरा होने के बाद उनका दोबारा परीक्षण होगा और अगर वे परीक्षण में सफल रहते हैं तो बाहर जाने, तैयारी और ट्रेनिंग करने के लिए स्वतंत्र होंगे।’ हाॅग ने कहा कि क्रिकेट में सामाजिक दूरी बनाना समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘सामाजिक दूरी बनाना क्रिकेट में समस्या नहीं होगी क्योंकि अधिकांश समय खिलाड़ी एक दूसरे से एक-डेढ़ मीटर से अधिक की दूरी पर ही रहते हैं। एकमात्र समस्या स्लिप में हो सकती है लेकिन इसके लिए नियम बनाया जा सकता है कि स्लिप में 2 खिलाड़ियों के बीच कम से कम 2 मीटर की दूरी होगी।’
कोरोना के खिलाफ लड़ाई सभी विश्वकप से बड़ी : शास्त्री
नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई को बुधवार को सभी विश्वकप से बड़ी करार दिया।शास्त्री ने अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो संदेश साझा करके लोगों से अपील की कि इस महामारी से लड़ाई में वे खेलों से सीखे सबक को लागू करें। शास्त्री ने कहा, ‘आज कोरोना वायरस ने हमें ऐसी स्थिति में डाल दिया है जहां यह हम पर हावी है। कोविड-19 से निपटना विश्व कप जीतने का प्रयास करने की तरह है, जहां आप अपना सब कुछ झोंककर इसे जीतने का प्रयास करते हो।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे सामने जो (कोविड-19) है वह कोई साधारण विश्वकप नहीं है, यह सभी विश्वकप से बड़ा है, जहां सिर्फ 11 लोग नहीं खेल रहे बल्कि एक अरब 40 करोड़ लोग मैदान पर हैं।’
The post टीमों को चार्टर्ड फ्लाइट में लाओ, कोरोना टेस्ट कराओ, पर टी20 विश्वकप रद्द न करो appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2z5cJwF
via Latest News in Hindi
0 Comments