कचरा हटाने की अभी कोई योजना नहीं
चंडीगढ़, 18 मार्च (ट्रिन्यू)
चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा में डम्पिंग ग्राउंड में लगी माइनिंग की मशीनें केवल पुराने कचरे को डंप करने के लिए हैं जबकि वहां बन रहे कचरे के पहाड़ों को हटाने की तो अभी प्रशासन ने योजना बनानी है। यह कहना था चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा का। वह आज उनसे मिलने आये चंडीगढ़ की फेडरेशन ऑफ सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन (फासवेक ) और डंपिंग ग्राउंड ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्यों के सवालों का जवाब दे रहे थे। फासवेक के प्रधान बलजिंदर सिंह बिट्टू की अध्यक्षता में मिले प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टरों की विभिन्न समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया।
डंपिंग ग्राउंड ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष दयाल कृष्ण ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड के आसपास रहने वाले सेक्टरों के लोगों से वादा किया गया था कि वह डंपिंग ग्राउंड के पर्वत को हटा देंगे और इसके लिए उन्होंने बायोमैट्रिक माइनिंग मशीनें लगवा दी हैं। मगर बायोमेट्रिक से डंपिंग ग्राउंड के पर्वत पर कोई असर नहीं पड़ रहा व डंपिंग ग्राउंड का पहाड़ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है ।
प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने कहा कि यह तो 30 साल पुराना मसला है, धीरे-धीरे ही खत्म होगा। उन्होंने कहा अभी तो जो सूखा कचरा डंप पड़ा है, उस पर कार्य चल रहा है, उसी के लिए मशीनें लगाई गई हैं। जो पर्वत बना हुआ है, इसके लिए आगे प्लानिंग की जाएगी। दयाल ने उन्हें याद कराया कि डड्डूमाजरा के लोगों को तो यही कहा गया था कि यह मशीनरी 33 करोड़ रुपए में कचरे के पर्वत को खत्म करने के लिए है। उनका कहना था कि डड्डूमाजरा के प्रतिनिधिमंडल को बहुत ही निराशा हुई। उनके साथ हमेशा धोखा ही होता आ रहा है।
जेपी के गारबेज प्लांट पर फोड़ा ठीकरा
मीटिंग में प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा के साथ निगमायुक्त केके यादव भी उपस्थित थे। इन लोगों ने सारा का सारा ठीकरा जेपी द्वारा चलाये जा रहे गारबेज प्लांट पर फोड़ दिया। उन्हें कहा गया कि डड्डूमाजरा व इसके आसपास रहने वाले सेक्टरों के लोगों को राहत शायद जेपी प्लांट की वजह से नहीं मिल पा रही। इस अवसर पर फोसवेक के प्रधान बलजिंदर बिट्टू व कमेटी सदस्य और डंपिंग ग्राउंड ज्वाइंट एक्शन कमेटी अध्यक्ष दयाल कृष्ण, राकेश चार्ली, विनोद कुमार भी उपस्थित थे।
The post कचरा हटाने की अभी कोई योजना नहीं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3a2qXvT
via Latest News in Hindi
0 Comments