चंडीगढ़/पंचकूला, 17 मार्च (नस)
चंडीगढ़ में बीती देररात सेक्टर 38 में की गई बाउंसर सुरजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज के और कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस फिलहाल 3 साल पहले 2017 में पंचकूला के सकेतड़ी मंदिर के बाहर हुए गैंगस्टर अमित शर्मा उर्फ मीत की हत्या की पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस ने वारदात स्थल के इर्द-गिर्द लगे सीसीटीवी कैमरों की फूटेज देखी तो उसमें आरोपियों की तस्वीरें कैद हैं लेकिन बाइक का नंबर साफ नहीं है।
सेक्टर 38 वेस्ट के स्मॉल चौक के नजदीक बीती रात को घर से करीब एक किलोमीटर दूर 48 वर्षीय फाइनेंसर सुरजीत सिंह की मोटरसाइकिल पर आए 2 अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकार हत्या कर दी। फेसबुक पर शार्प शूटर देविंदर बंबिहा की फेसबुक आईडी पर एक पोस्ट डाल कर हत्या की जिम्मेदारी ली गई है।
यूटी पुलिस ने मृतक सुरजीत सिंह की पत्नी मीनाक्षी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
शार्पशूटरों की तलाश में छापेमारी
एसपी विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या के कई बिन्दुओं खंगाल रही है। एसपी सिटी ने कहा कि फेसबुक पर मैसेज को विदेश से पोस्ट किया गया है और आईपी नंबर के बारे में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता सबसे पहले शार्टशूटरों को ढूंढने की है।
मोबाइल बरामद, आखरी कॉल की जांच
एसपी सिटी विनीत कुमार ने बताया कि सुरजीत सेक्टर 22 की मोबाइल मार्केट में अपना फाइनेंस का बिजनेस कर रहा था। चौक के नजदीक पहुंचते ही 2 अज्ञात लोगों ने सुरजीत पर गोलियां चलायीं। पुलिस को 5 खोल मिले हैं। एसपी ने बताया हत्या करने के बाद आरोपियों ने सुरजीत सिंह के साथ कोई लूटपाट नहीं की है। उसका मोबाइल और अन्य सामान कार में से ही कब्जे में लिया गया। एसपी ने कार में 5 लाख रुपए पड़े होने की बात से इनकार किया।

The post सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2wg4DAe
via Latest News in Hindi

0 Comments