कमिश्नर ने बढ़ाया उत्साह, राशन पैकेट वितरित
यमुनानगर (हप्र) : शहर को सैनेटाइज करने में जुटे नगर निगम व दमकल कर्मचारियों की कमिश्नर धर्मवीर सिंह ने बैठक ली। नगर निगम स्टोर में हुई बैठक में कमिश्नर ने कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे इन योद्धाओं का उत्साह बढ़ाया। कमिश्नर ने उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें मास्क व दस्ताने पहनकर ड्यूटी करने व अन्य सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को खुद की सुरक्षा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। कमिश्नर धर्मवीर सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा पूरे शहर को सैनेटाइज किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम के 100 से अधिक कर्मचारी जुटे है। इनमें तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, छह ट्रैक्टर, 26 हैंड स्प्रे मशीनें व अन्य उपकरण इस काम में लगाए गए हैं। निरंकारी यमुनानगर ब्रांच के संयोजक बलदेव सिंह ने मिशन की ओर से राशन के 150 पैकेट वितरित किए।
लेबर न मिलने से किसान चिंतित
रादौर (निस) : गन्ना बिजाई व गेहूं कटाई का सीजन चल रहा है और लॉकडाउन के चलते किसानों के सामने लेबर की समस्या खड़ी हो गई है। गन्ना बिजाई व गेहूं कटाई के लिए अधिकतर लेबर बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़ व झारखंड़ राज्यों से आती है। कोरोना वायरस के चलते किए गए लॉकडाउन के कारण इन राज्यों से आने वाली लेबर नहीं आ रही है। अन्य राज्यों से आने वाली लेबर के न आने के कारण किसान काफी चिंतित है। किसान बलदेव सिंह, सुनील कुमार, रोहित शर्मा, हरपाल, डिंपल शर्मा ने बताया कि गेहू कटाई का सीजन शुरू हो चुका है और गेहूं कटाई के साथ-साथ इस समय गन्ना बिजाई का काम जोरो पर चल रहा है। लेकिन लेबर न होने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जरूरतमंदों को दी मदद
नारायणगढ़ (निस) : विधायक शैली चौधरी व उनके पति पूर्व विधायक चौधरी राम किशन गुज्जर ने लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए एसडीएम को सूखे राशन की 501 किटें सौंपी। इन किटों में आटा, चावल, दाल, नमक, चीनी, सरसों का तेल है।
सिविल अस्पताल का दौरा
शाहाबाद मारकंडा (निस) : मंगलवार को शाहाबाद के विधायक रामकरण काला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने अस्पताल में किए गए राहत प्रबंधों की जांच की। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि यहां आने वाले किसी भी रोगी को परेशानी न हो ।
कैटल फीड महंगा, पशुपालक परेशान
जगाधरी (निस) : लाकडाउन में पशुपालकों की दिक्कतें भी बढ़ने लगी हैं। इन्हें कैटल फीड महंगे रेट में खरीदना पड़ रहा है। पशुपालकों का कहना है कि आने वाले दिनों में हरा चारा खत्म होने पर पशु फीड पर भी निर्भर करते हैं। कोरोना से सभी की परेशानी बढ़ी हुई है। इससे ज्यादातर खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ रहे हैं। वहीं कैटल फीड के रेट भी बढ़ गए हैं। ग्रामीण इलाके के पशुपालकों को आजकल महंगे दाम में कैटल फीड खरीदना पड़ रहा है। पशुपालक संजीव कुमार आदि का कहना है कि पहले खल की बोरी 13 सौ रुपये की थी, जो कि अब साढ़े 14 सौ रुपये की मिल रही है। एसडीएम जगाधरी दर्शन कुमार का कहना है कि खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट जारी की हुई है। उनका कहना है कि काला बाजारी कतई नहीं होने दी जाएगी।
प्रवासी परिवार के पास पर्याप्त राशन
गुहला चीका(निस) : लॉकडाउन के दौरान सामाजिक संस्थाएं लोगों के साथ मिलकर गरीबों का पेट भरने में लगी है वहीं कुछ लोग गरीबी का ढोंग दिखा जमाखोरी पर उतर आए हैं। ऐसा ही एक मामला आज रेड क्रास की टीम के सामने चीका की अतिरिक्त अनाज मंडी में आया। एंटी करप्शन के चेयरमैन नीलम सिंगला व रेडक्रास काउंसलर राजा सिंह झींजर, नरेश कुमार आज गरीब परिवारों तक राशन पहुंचाने निकले थे। उनकी टीम जैसे ही अतिरिक्त अनाज मंडी चीका में पहुंची तो वहां पर ठहरे हुए ऊंट रेहड़ी वाले पांच प्रवासी परिवारों ने राशन ना होने की बात कही और खुद व बच्चों को कई दिनों से भूखा बताया। राशन वितरण करने उपरांत टीम को उक्त परिवारों पर शक हुआ, जिसके बाद एक ऊंट रेहड़ी के ऊपर से कपड़ा हटाकर देख गया तो वहां पर लगभग 60 किलो आटा, 40 किलो चावल, 5 लीटर सरसों का तेल, 2 लीटर वनस्पति घी, 3 किलो चीनी, 12 थैली नमक, चाय, हल्दी, मिर्च और एक थैला चने दाल घोड़े के लिए मिला।
The post कमिश्नर ने बढ़ाया उत्साह, राशन पैकेट वितरित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3ayJRL7
via Latest News in Hindi

0 Comments