रोहतक की सुनारिया जेल में रविवार को मास्क बनाते कैदी। -निस

अनिल शर्मा/निस
रोहतक, 22 मार्च
कोरोना वायरस को मास्क की कमी पूरा करने के लिए सुनारिया जेल में कैदी भी जुट गए है। 50 कैदियों की एक टीम मास्क तैयार करने में लगी है और रोजाना हजारों मास्क तैयार किए जा रहे हैं। कैदियों को 2 घंटे की विशेष ट्रेनिंग दी गई। उसके बाद वे मास्क बनाने के काम में जुट गए। जेल प्रबंधन ने सरकार को भी आश्वसत किया है कि मास्क की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए बकायदा एक अन्य टीम को भी प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है। डिमांड के अनुसार मास्क सरकार को उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा कोरोना से बचाव के लिए भी कैदियों को विशेष हिदायतें दी गई हैं और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा रहा है। जेल को भी रविवार को सेनेटाइज किया गया और कैदियों के स्वास्थ्य की जांच शुरू कर दी गई है। जेल प्रबंधन पूरी तरह से अलर्ट है।
बताया जा रहा है कि जैसे ही बाजार में मास्क की कमी की रिपोर्ट सामने आई तो जेल अधीक्षक सुनील सांगवान ने जेल अधिकारियों के साथ बैठक की और 50 कैदियों की एक टीम तैयार की। इसके बाद कैदियों को दो घंटे का विशेष प्रशिक्षण दिया गया और एक एक्सपर्ट को बुलाकर कैदियों को सिखाया गया। इसके बाद कैदियों को मास्क बनाने का पूरा सामान उपलब्ध कराया गया। एक दिन में कैदियों ने जो मास्क तैयार किए उसे देखकर जेल प्रबंधन भी अचंभित रह गया। कैदियों ने सफाई से हजारों मास्क तैयार किए। मास्क तैयार होने के बाद उन्हें सेनेटाइज किया गया और बाद में उनकी पैकिंग की गई। इस बारे में जेल प्रबंधन ने सरकार को भी अवगत करा दिया है कि मास्क की कमी नहीं रहने दी जाएगी। रविवार को भी मास्क बनाने के लिए अलग से टीम को प्रशिक्षण दिया गया। यह टीम लगातार आठ घंटे मास्क तैयार करेगी। टीम के सदस्यों को अलग-अलग काम दिया गया है।
भाकियू ने भी बढ़ाये मदद को हाथ
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : भारतीय किसान यूनियन कोरोना वायरस से लड़ने के लिए चल रही लड़ाई में प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है। कोरोना के मुद्दे पर भाकियू ने सरकार को समर्थन देते हुए मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने इसके लिए सीएम मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि आपातकालीन सेवाओं के तहत सभी तरह के उत्पाद मुहैया करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस समय देश व प्रदेशों की सरकारों को हमारी मदद की जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि किसान इस आपदा से निपटने के लिए राज्य सरकार की सहायता के लिए संसाधन तैयार रखें ।

The post सुनारिया जेल में कैदी भी कर रहे अापके लिए काम, जुटे मास्क बनाने में appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33Bmm1k
via Latest News in Hindi

0 Comments