दान का सिलसिला जारी, पीएम ने राष्ट्रपति का किया धन्यवाद
नयी दिल्ली, 29 मार्च (एजेंसी)
कोरोना जैसी महामारी से लड़ने के लिए देशभर से लोग ‘पीएम केयर्स फंड’ में दान कर रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘माननीय राष्ट्रपति जी आपको धन्यवाद। राष्ट्रपति जी राष्ट्र की अगुवाई कर रहे हैं और उसे प्रेरित कर रहे हैं।’ राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया था कि राष्ट्रपति कोविंद पीएम केयर्स में एक महीने की अपनी तनख्वाह देने का वादा करते हैं। देश की प्रमुख जांच एजेंसी सीबीआई के अधिकारियों ने एक दिन का वेतन दान देने का फैसला किया है। सीबीआई में करीब 6,000 अधिकारी हैं।
उधर, सेना, नौसेना और भारतीय वायुसेना के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय के कर्मचारियों ने एक दिन का वेतन देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से लड़ने में मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित राहत कोष में दान करने का फैसला किया है जो कुल मिलाकर करीब 500 करोड़ रुपये होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अलग से घोषणा की कि वह एक महीने का वेतन कोष में दान करेंगे। इधर, केंद्र सरकार ने कहा है कि कंपनियों द्वारा प्रधानमंत्री आपात राहत कोष (पीएम-केयर्स) में योगदान को कंपनी कानून के तहत कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) खर्च माना जाएगा। वित्त और कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।
चर्चा में अमिताभ का ट्वीट
इस दौरान बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन के एक ट्वीट की खासी चर्चा हो रही है। उन्होंने रविवार को ट्वीट किया, ‘एक ने दिया और कह दिया कि दिया, दूसरे ने दिया और कहा कि नहीं दिया। दूसरी श्रेणी में ही रहने दो मुझे ऐ प्रियजन। जिसे मिला, वो क्या जाने किसने दिया; जानो उसका बस करुण क्रंदन। इन हालात में और क्या कहा जाए, जो जानें मुझे, जानें, मैं तो सदा स्वभाव से ही रहा हूं कमसुख़न।’ अपनी एक पुरानी फोटो के साथ अमिताभ द्वारा किए गए इस ट्वीट को कई लोग अक्षय कुमार की घोषणा के साथ जोड़ रहे हैं। हालांकि उन्होंने फैंस के डोनेशन के सवाल पर यह ट्वीट किया। गौर हो कि बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने ‘पीएम केयर्स’ में 25 करोड़ रुपये देने की बात कही थी।
The post दान का सिलसिला जारी, पीएम ने राष्ट्रपति का किया धन्यवाद appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vXvtNk
via Latest News in Hindi
0 Comments