शिल्पा जैन सुराणा

जब भी घर में छोटी-मोटी पार्टी होती है तो हम मेहमानों को कोल्ड ड्रिंक्स या फिर चाय-कॉफ़ी परोसते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि महंगे होटलों में बिकने वाले ये ड्रिंक्स आप आसानी से घर में बना सकती हैं और इन ड्रिंक्स के ज़रिये अपनी पार्टी की रौनक बढ़ा सकती हैं। प्रस्तुत है आपके सामने ऐसे ही कुछ ड्रिंक्स की रेसिपीज़…

हनी स्ट्रॉबेरी मिल्कशेक
सामग्री : दरदरी पिसी स्ट्रॉबेरी- 1 कप, शहद- 2 छोटे चम्मच, ताजा दही- 1 कप, ठंडा दूध- आधा कप, पिसी हुई चीनी- 3 छोटे चम्मच।
विधि : सारी सामग्री को जूसर में डालकर इसे मिश्रण होने तक ब्लेंड करिए। अब इस मिल्कशेक को बराबर 4 हिस्सों में अलग-अलग गिलास में डालकर परोसिए।

लवबेरी जूस
सामग्री : केनबेरी जूस- 1 कप, स्ट्रॉबेरी क्रश- दो चम्मच, सोडा वाटर- 200 एमएल, फ्रेश क्रीम- 2 बड़े चम्मच, कुटी हुई बर्फ, सजाने के लिए स्प्रिंकल्स।
विधि: सबसे पहले केनबेरी जूस और स्ट्रॉबेरी क्रश को बर्फ और सोडा वाटर में अच्छे से मिला लें। अब आप सर्विस ग्लास में इसे तीन-चौथाई तक भरें और इसके ऊपर क्रीम डाल दें। आप इसे स्प्रिंकल से सजाएं और ऊपर एक हार्ट शेप में कटी हुई स्ट्रॉबेरी सजा दें। आपका लव बेरी जूस तैयार है।

हॉट चॉकलेट कार्डमम
सामग्री : दूध- दो कप दूध, इलायची- दो छोटी, मिल्क चॉकलेट- 1, चीनी- एक छोटा चम्मच।
विधि : सबसे पहले इलायची का बारीक बुरादा बना लें। अब मीडियम आंच में एक बर्तन में दूध उबालने के लिए डालें। जब दूध उबल रहा है, उसी समय इसी में इलायची डाल दें। एक उबाल आने के बाद इसमें चॉकलेट के टुकड़े मिलाएं और कड़छी से चलाते हुए पूरी तरह से पिघला लें। फिर चीनी मिलाएं और इसके घुल जाने के बाद आंच बंद कर दें। हॉट चॉकलेट विद कार्डमम तैयार है। गर्म-गर्म सर्व करें।

अंजीर मिल्क शेक
सामग्री : अंजीर – 5 से 6, ठंडा दूध- 1 गिलास, काजू – 10, चीनी स्वादानुसार, बर्फ के कुछ टुकड़े।
विधि : अंजीर को धोकर काट लीजिये। अब मिक्सर जार में आधा कप दूध, अंजीर, चीनी और काजू डालें। इसके बाद इसे अच्छी तरह से ग्राइंड करें। अंजीर पूरी तरह से पिस जाए तो ग्राइंडर बंद कर बचा हुआ दूध और बर्फ जार में डालकर ढक्कन लगाएं। अब शेक को अच्छे से मिक्सी में फेंटे। आपका अंजीर मिल्क शेक तैयार है।

The post गर्मी के लाजवाब ड्रिंक्स appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2J7Jn2w
via Latest News in Hindi

0 Comments