देश में तीसरी मौत, हरियाणा में पहला मामला
कोरोना : अफगानिस्तान, फिलीपीन और मलेशिया से आने वाले यात्रियों पर रोक, देशभर में 137 लोग संक्रमित
मुंबई/ नयी दिल्ली, 17 मार्च (एजेंसी)
नयी दिल्ली में मंगलवार को लाल किले के सामने लगे बेरिकेड्स के पास खड़ी एक महिला। एएसआई की ओर से महत्वूपूर्ण स्थलों को बंद कर दिया गया है। – प्रेट्र
कोरोना वायरस से मंगलवार को मुंबई में 64 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जो दुबई से लौटा था। इस वायरस से मौत का देश में यह तीसरा मामला है। अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की संख्या बढ़कर 137 हो गई है, जिनमें 22 विदेशी हैं। मंगलवार को गुरुग्राम में 29 वर्षीय एक महिला के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इस महिला ने हाल ही में मलेशिया और इंडोनेशिया की यात्रा की थी। राज्य के स्वास्थ्य महानिदेशक सूरजभान कंबोज ने कहा कि हरियाणा में कोरोना वायरस का यह पहला मामला है, महिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर है।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक संक्रमित पाये गये 126 लोगों के संपर्क में आए करीब 52 हजार लोगों की पहचान हो चुकी है। वे किस-किस से और कहां मिले इसका पता लगाया जा रहा है और उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इस बीच, सरकार ने अफगानिस्तान, फिलीपीन और मलेशिया से आने वाले यात्रियों के भारत में प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। सरकार की तरफ से जारी अतिरिक्त यात्रा परामर्श के मुताबिक, इन देशों से कोई भी विमान भारत के लिए उड़ान नहीं भरेगा। यह निर्देश एक अस्थायी उपाय है, जो 31 मार्च तक लागू रहेगा।
प्रधानमंत्री ने चिकित्सा कर्मियों को सराहा, सत्र में कटौती नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भाजपा सांसदों से कोरोना वायरस के बारे में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही स्पष्ट किया कि संसद के बजट सत्र में कोई कटौती नहीं की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में कहा कि ऐसे समय में जब स्वास्थ्य संबंधी बड़ी चुनौती सामने है, तब सांसदों को अपना काम करते दिखना चाहिए। मोदी ने कोरोना वायरस के खतरे से निपटने में डाक्टरों और नर्सों सहित चिकित्सा कर्मियों की भूमिका तथा जागरूकता फैलाने के लिए मीडिया की सराहना करते हुए सभी से सतर्क रहने को कहा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बैठक के बाद बताया कि बजट सत्र की अवधि कम नहीं की जाएगी और यह पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 3 अप्रैल तक चलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने खुद को अलग-थलग किया
कोरोना खौफ के बीच शनिवार को भाजपा सांसद राजकुमार चाहर इस अंदाज में संसद पहुंचे। – प्रेट्र
केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन ने कोरोना की चपेट में आने की आशंका के चलते खुद को एहतियात के तौर पर अलग-थलग कर लिया है। विदेश राज्य मंत्री 14 मार्च को तिरुवनंतपुरम के श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी गये थे। इस संस्थान में स्पेन से लौटे एक डॉक्टर के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
अनूप जलोटा को रखा गया अलग
प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा को मंगलवार सुबह यूरोप से लौटने के बाद कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर मुंबई के एक होटल में अलग रखा गया। 66 वर्षीय जलोटा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ‘60 साल से अधिक उम्र के यात्रियों के स्वास्थ्य की देखरेख बीएमसी जिस तरह कर रही है, उससे मैं अभिभूत हूं। लंदन से मुंबई आने पर मुझे मिराज होटल ले जाया गया और मेरी जांच के लिए डॉक्टरों का एक दल भेजा गया।’
सीआईसी में सिर्फ ऑडियो, वीडियो सुनवाई : केंद्रीय सूचना आयोग 31 मार्च तक सिर्फ अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई करेगा, वह भी कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये। आयोग ने संबंधित पक्षों से कहा है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, वह पैनल के पास न आएं और सभी दलीलें ऑनलाइन अपलोड की जा सकती हैं। पक्षकारों या उनके प्रतिनिधियों की आयोग के समक्ष पेशी पर रोक लगा दी गयी है।
आईटीबीपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा स्थगित
भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने देशभर में 22 मार्च को होने वाली कांस्टेबल (ट्रेड्समैन) भर्ती की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी है। आईटीबीपी प्रवक्ता विवेक कुमार पांडेय ने कहा कि काेरोना की रोकथाम के मद्देनजर परीक्षा टाल दी गयी है, इसकी नयी तारीख बाद में घोषित की जाएगी। सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवस पर सुबह साढ़े 9 से शाम 6 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 011-24369482; 011-24369483 पर संपर्क कर सकते हैं।
वैष्णोदेवी में गर्भजून गुफा के कपाट बंद, श्रद्धालुओं से न आने की अपील
जम्मू (हप्र) : कोरोना की दहशत से अब वैष्णो देवी की यात्रा भी अछूती नहीं रही है। श्राइन बोर्ड ने गर्भजून गुफा के कपाट बंद कर दिए हैं। श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से फिलहाल न आने की अपील की है। यात्रा के आधार शिविर कटड़ा के अधिकांश होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं खाली हो रही हैं। करीब 50 फीसदी अग्रिम बुकिंग रद्द हो चुकी हैं। इस बीच, जम्मू कश्मीर में प्रशासन ने एहतियातन अब सब कुछ बंद करवाना आरंभ कर दिया है। दूसरे शब्दों में जम्मू कश्मीर फुल लाॅकडाउन की ओर बढ़ने लगा है जबकि लद्दाख में कुल 6 मरीजों में पुष्टि होने के बाद मरीजों के गांवों को सील किया जाने लगा है। लद्दाख में तीन और कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। इसी के साथ यहां कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या छह पहुंच गई है।
प्लेटफार्म टिकट का दाम किया 50 रुपये
कोरोना वायरस के मद्देनजर भीड़ को रोकने के प्रयास के तहत रेलवे के कुछ जोनों ने प्लेटफार्म टिकट का दाम 10 से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया है। ऐसा पश्चिम रेलवे जोन के छह संभागों-मुंबई, वड़ोदरा, अहमदाबाद, रतलाम, राजकोट, भावनगर में किया गया है। इन संभागों में ढाई सौ रेलवे स्टेशन हैं। मध्य जोन के सभी स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट के मूल्य में वृद्धि कर दी गयी है। अधिकारियों ने कहा कि शीघ्र ही कुछ और रेलवे जोन ऐसा कर सकते हैं।
आर्थिक सुनामी से निपटने की भी हो तैयारी : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि देश में ‘आर्थिक सुनामी’ आ रही है और इससे निपटने के लिए सरकार के स्तर पर जो तैयारी होनी चाहिए वो नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यही स्थिति रहती है तो अगले छह महीनों में देश के लोगों को ‘अकल्पनीय पीड़ा’ का सामना पड़ेगा। राहुल ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘सरकार कोई तैयारी नहीं कर रही है, इधर-उधर की बातें करते रहते हैं। मगर हिंदुस्तान को बचाने के लिए जो बुनियादी तैयारी करनी है, वो नहीं हो रही है।’
The post देश में तीसरी मौत, हरियाणा में पहला मामला appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33BZZZL
via Latest News in Hindi
0 Comments