पंजाब : 31 तक लॉकडाउन
लुधियाना नगर निगम ने शनिवार रात शहर की सड़कों को सेनेटाइज करने के लिए अभियान चलाया।
– चित्र : अश्विनी धीमान
चंडीगढ़, 22 मार्च (एजेंसी)
पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर रविवार को पूरे राज्य में 31 मार्च तक बंद (लॉकडाउन) लागू करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने कहा कि बंद के दौरान सभी जरूरी और सरकारी सेवाएं चालू रहेंगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘कोविड-19 की रोकथाम के लिए 31 मार्च तक पूरे राज्य में बंद करने का आदेश दिया गया है।’ सिंह ने ट्वीट किया, ‘सभी जरूरी सरकारी सेवाएं जारी रहेंगी और दूध, खाद्य सामान, दवाइयां आदि जैसी जरूरी चीजें बेचने वाली दुकानें खुली रहेंगी। सभी उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पाबंदियां तुरंत लागू करने का निर्देश दिया गया है।
विधायक ने लिया शहर को सेनेटाइज करने का जिम्मा
गुरदासपुर (निस) : गुरदासपुर के विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा ने शहर को सेनेटाइज करने का बीड़ा उठाया है। विधायक का कहना है कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई मिलकर ही जीती जा सकती है। उन्होंने शहर के लोगों से घर में रहने की अपील करते हुए खुद पहले दिन शहर को सेनेटाइज करने की कमान सफाई कर्मचारियों के साथ संभाली। बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा ने कहा कि वह शहर के नुमाइंदे हैं तथा कोरोना वायरस के खतरे से पूरी तरह वाकिफ हैं परन्तु सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वह खुद उनके साथ कंधे से कंंधा मिला कर चलेंगे तथा शहर को सेनेटाइज करेंगे। इस दौरान शहर के मेन बाजार, अमामबाड़ा चौक, हनुमान चौक इत्यादि में विधायक की ओर से गलियों, दुकानों, घरों के बाहर दवाइयों का छिड़काव किया गया।
होशियारपुर रहा मुकम्मल बंद
होशियारपुर (निस) : आज जनता कर्फ्यू के चलते होशियारपुर शहर के साथ साथ लोकल कस्बों व गांवों में भी सभी दुकानों व अन्य संस्थाएं मुकम्मल तौर पर बंद रहे। लोगोंका जनता कर्फ्यू को भरपूर समर्थन मिला तथा लोगों ने खुद ही एहतियात के तौर पर घरों में रहना मुनासिब समझा। कुछ स्थानों पर खुली दुकानों व अन्य संस्थाओं को पुलिस ने मुस्तैदी से बंद करवा दिया। शहर के वे बाजार जहां हर समय भीड़ रहती थी, वहां आज दुकानें बंद होने के कारण पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। होशियारपुर का मुख्य बाजार घंटा घर, कश्मीरी बाजार, कोतवाली बाजार, वकीलां बाजार, गौशाला बाजार, पीर मद्दी शाह बाजार सहित सारे बाजार मुकम्मल तौर पर बंद रहे। प्रशासन की हिदायतों के चलते शहर में मेडिकल स्टोर, दूध की डेयरियां व अन्य जरूरी सामान की कुछ दुकानें जरूर खुली रहीं परंतु उन पर भी ज्यादा लोगों को एकत्रित नहीं होने दिया गया।
आदेश न मानने पर संदिग्ध के खिलाफ केस दर्ज
गुरदासपुर (निस) : कोरोना वायरस संदिग्ध की सूची में नाम आने पर भी आम जनता के लिए खतरा पैदा करते हुए खुलेआम बाजार में घूमते पकड़े जाने पर थाना धारीवाल पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त युवक के घर के बाहर नोटिस भी लगाया गया था।
एसएसपी गुरदासपुर स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि एएसआई गुरदीप सिंह शनिवार देर रात करीब 9 बजे पुलिस पार्टी के साथ नवा बस स्टैंड धारीवाल में थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि वरुण शर्मा निवासी धारीवाल कोरोना वायरस संदिग्ध की लिस्ट में है। वरुण शर्मा ब्राजील से आया था। उसे खुद को 15 दिन के लिए क्वारेंटीन करते हुए घर में रहने के लिए कहा गया था तथा उसके घर के बाहर नोटिस भी चिपकाया गया था। परन्तु उक्त युवक हिदायतों का पालन न करते हुए बाजार में घूम रहा था। इसके चलते जांच अफसर ने उक्त युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे बाद में रिहा कर निगरानी तले घर में रखा गया है।
पंजाब में 7 और मामले, पीड़ितों की संख्या 21 हुई
चंडीगढ़ (एजेंसी) : पंजाब में रविवार को कोरोना वायरस के सात और मामले सामने आने के साथ ही प्रदेश में इस संक्रामक बीमारी से पीड़ित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 21 हो गया है। अधिकारियों ने कहा कि सभी नए मामले रविवार को नवांशहर में सामने आए और वे या तो उस 70 वर्षीय व्यक्ति के परिवार के सदस्य थे जो पूर्व में संक्रमित पाया गया था या फिर उसके संपर्क में आए थे। नवांशहर के सिविल सर्जन राजिंदर प्रसाद भाटिया ने फोन पर बताया, ‘सात और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।’ भाटिया ने कहा कि इन सात लोगों में से चार कोरोना वायरस से पीड़ित 70 वर्षीय व्यक्ति के परिवार के सदस्य थे जबकि दो अन्य जर्मनी से लौटते वक्त उसके साथ थे जबकि एक ग्रामीण है जो उसके संपर्क में आया था। कोरोना वायरस से संक्रमित बुजुर्ग नवांशहर जिले के एक गांव का रहने वाला था और 7 मार्च को इटली के जरिये जर्मनी से लौटा था। बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई थी। नवांशहर के सात और लोगों में मामले की पुष्टि होने से अकेले नवांशहर में संक्रमित लोगों की संख्या 14 हो गई है। नवांशहर में फिलहाल 88 लोगों को घर में पृथक रहने को कहा गया है।
कोरोना से होशियारपुर में नहीं कोई मौत
होशियारपुर (निस) : डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आ रही वीडियो झूठी हैं, क्योंकि जिले में कोरोना वायरस से संबंधित किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से हुई मौत के बारे में सामने आई वीडियो से दहशत पैदा हो सकती है, इसलिए किसी भी व्यक्ति की ओर से फैलाई जा रही दहशत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि झूठी वीडियो के दोषी को तुरंत ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिए जिन व्यक्तियों को होम क्वारेंटाइन किया गया है, उन्हें घर में रहने के प्रति पाबंद करने के लिए धारा 144 के अंतर्गत आदेश जारी किए गए हैं।
अमृतसर में आम दिनों में श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहने स्वर्ण मंदिर में रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान छायी वीरानी।-विशाल कुमार
दुनियाभर के गुरुद्वारों में बड़े समारोह रद्द
लुधियाना (निस) : श्री अकाल तख्त साहब के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने दुनियाभर के गुरुद्वारों में सिखों की दैनिक मर्यादा कार्यक्रम के अतिरिक्त सभी अन्य बड़े समारोहों को दो सप्ताह के लिए रद्द कर देने के आदेश जारी किये हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह फैसला मानवता के लिए चुनौती बनी कोरोना महामारी के दृष्टिगत किया गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि मुसीबत के इस समय में विश्वभर में गुरुद्वारों की धर्मशालाओं को कोरोना के संदिग्ध रोगियों को अलग रखने के लिए भी प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने विश्व भर के सिखों और गुरुद्वारों के प्रबंधकों को आदेश दिया है कि वे जरूरतमंद लोगों की सहायता करें और भारत से विदेशों में शिक्षा ग्रहण करने गए छात्रों की सुविधा के लिए गुरु की गोलक का प्रयोग खुलकर करें। उनमें उनके लिए गुरु के लंगर और दवाइयों इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था हो।
लुधियाना में रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान रेलवे स्टेशन के निकट घूम रहे एक व्यक्ति पर लाठियां भांजती पुलिस।-हिमांशु महाजन
मिला भरपूर समर्थन
लुधियाना (निस) : आज के जनता कर्फ्यू के आह्वान को लुधियाना में भरपूर समर्थन मिला। लुधियाना, जो उत्तर भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर है और जिसकी सड़कों पर रात को भी भारी भीड़ देखी जाती है, आज बिल्कुल सुनसान दिखाई दे रहा था। सभी सड़कों पर सन्नाटा रहा और फोकल प्वाइंट, इंडस्ट्री एरिया और किसी भी क्षेत्र में कोई मशीन चलने की आवाज सुनाई नहीं दे रही थी। लुधियाना के रख बाग, रोज गार्डन, हैप्पी पार्क, मिनी रोज गार्डन सहित सैंकड़ों अन्य ऐसे पार्क हैं जिनमें हर रोज सुबह हजारों लोग सैर करने जाते थे, आज खाली पड़े हुए थे। बाजार, दफ्तर बंद होने के कारण शहर की सड़कें वीरान पड़ी हुई थीं। लुधियाना का रेलवे स्टेशन जिसमें हर रोज डेढ़ सौ से ज्यादा रेल गाड़ियां आती-जाती हैं और उसके सभी प्लेटफॉर्म यात्रियों से हमेशा खचाखच भरे रहते हैं, पर आज सन्नाटा छाया हुआ था। रेलवे प्रशासन के अनुसार केवल दो मालगाड़ियां यहां पहुंचीं। मुख्य बस अड्डे की स्थिति भी ऐसी ही थी। शहर की किसी भी सड़क पर कोई आटो रिक्शा या साइकिल रिक्शा भी दिखाई नहीं दिया। जिला के खन्ना, समराला, जगरांव, पायल और जगरांव उपमंडलों से संबंधित सभी कस्बों और गांवों में भी जनता कर्फ्यू को व्यापक समर्थन मिला।
हर तरफ सन्नाटा, सड़कें-बाजार रहे सूने
पठानकोट (निस) : जनता कर्फ्यू का आज पठानकोट में पूरा असर दिखाई दिया। इस दौरान शहर के सभी बाजार बंद रहे तथा सबसे व्यस्त रहने वाले मार्ग एवं मुख्य चौकों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर के मुख्य गांधी चौक जहां हर रविवार को संडे मार्किट में इतनी भीड़ होती थी कि लोगों को पैदल निकलने की जगह नहीं मिलती थी, आज वह चौक सुनसान दिखाई दिया। गाड़ी अहाता चौक, रेलवे रोड, डलहौजी रोड, ढांगू रोड, ढाकी रोड आदि पर भी सभी दुकानें, होटल, रेस्टोरेंट, शापिंग मॉल बंद रहे। यहां तक कि रेहड़ी-फड़ी वाले भी जनता कर्फ्यू के दौरान बाहर दिखाई नहीं दिए। जो कुछ लोग किसी कारणवश बाहर निकले थे, उन्हें भी ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों की ओर से जल्द अपने घर जाने के लिए कहा गया।
The post पंजाब : 31 तक लॉकडाउन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UbVulf
via Latest News in Hindi
0 Comments